सेवा संकल्प अभियान के तहत नगरी में जिला स्तरीय जनकल्याणकारी शिविर
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना शासन-प्रशासन की प्राथमिकता : सांसद भोजराज नाग
आंगनबाड़ी केंद्रों को मिले स्मार्ट टीवी,175 दिव्यांग विभिन्न सहायक उपकरण से लाभान्वित

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान की भावना को साकार करते हुए नगरी के श्रृंगी ऋषि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में जिला प्रशासन,समाज कल्याण और एनएसई फाउंडेशन जयपुर तत्वावधान में जिला स्तरीय जनकल्याणकारी निदान -3 शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने की। विशिष्ट अतिथि प्रकाश बैस सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि सांसद भोजराज नाग ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ समय पर और सहज रूप से पहुंचे। सेवा संकल्प अभियान इसी सोच को धरातल पर उतारने का माध्यम है। इस अवसर पर उन्होंने पोषण रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया ।
सेवा कार्यों में जनभागीदारी जरूरी : अरुण सार्वा
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविर प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं। इससे लोगों को अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं को सामने रखने के साथ शासन की योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं एक ही स्थान पर प्राप्त होती हैं।
नागरिकों को उनके नजदीक सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता : कलेक्टर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज, सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किया जा रहा है कि नागरिकों को छोटी-छोटी शासकीय सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े और अधिक से अधिक सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध हों।
