जन्माष्टमी के पावन अवसर पर महापौर कर रहे हैं ओछी राजनीति और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास : विशु देवांगन

नगर निगम धमतरी के उपनेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र विशु देवांगन हिंदू संगठन के समर्थन करते हुए कहाँ की धमतरी में कई वर्षों से शहर में हिंदू संगठनों द्वारा निरंतर शहर के हृदय स्थल घड़ी चौक में जन्माष्टमी के अवसर पर दही-हांडी प्रतियोगिता सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाता रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से हिंदू संगठन धर्म के प्रति जागरूकता के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता का संदेश देते आ रहे हैं। इन आयोजनों को शहरवासियों का भी वर्षों से भरपूर सहयोग और प्रेम मिलता रहा है।
लेकिन आज नगर निगम द्वारा उसी आयोजन को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है। वर्षों से मेहनत कर इस परंपरा को जीवित रखने वाले हिंदू संगठनों को विश्वास में लिए बिना आयोजन करना, केवल एक व्यक्ति की छवि चमकाने और राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास प्रतीत होता है।धार्मिक आयोजनों का राजनीतिकरण करना न केवल उन लोगों के साथ विश्वासघात है, जिन्होंने वर्षों से मेहनत कर इन आयोजनों को भव्य स्वरूप दिया है, बल्कि यह धर्म और आस्था के नाम पर जनता के साथ भी छलावा है।