Uncategorized

कोसरिया मरार पटेल समाज ने महापौर रामू रोहरा को सौंपा ज्ञापन

जिला मुख्यालय व छात्रावास के लिए जमीन, सातों राज में सामाजिक भवन हेतु अनुदान और महात्मा ज्योतिबा फुले चौक के नामकरण की मांग

धमतरी। कोसरिया मरार पटेल समाज, जिला धमतरी के प्रतिनिधिमंडल ने समाज की विभिन्न सामाजिक एवं विकासात्मक मांगों को लेकर नगर निगम महापौर रामू रोहरा से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। समाज ने जिला मुख्यालय एवं छात्रावास निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने, धमतरी जिले के सातों राज के मुख्यालयों में सामाजिक भवन निर्माण के लिए अनुदान राशि प्रदान करने तथा शहर में महात्मा ज्योतिबा फुले चौक के नामकरण की मांग रखी।
महापौर रामू रोहरा ने समाज के प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुना और ज्ञापन स्वीकार करते हुए नियमानुसार आवश्यक पहल तथा मांगों को पूरा कराने की दिशा में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि समाज के विकास के लिए भवन, छात्रावास और आवश्यक अधोसंरचना का होना बेहद महत्वपूर्ण है। कोसरिया मरार पटेल समाज द्वारा रखी गई मांगें समाज के बच्चों, युवाओं और आने वाली पीढ़ी के हित से जुड़ी हैं। नगर निगम स्तर पर जो भी संभव होगा, उसे प्राथमिकता के साथ पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज सुधार और शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किया है। उनके नाम पर चौक का नामकरण किया जाना गौरव की बात होगी। समाज के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में नगर निगम सदैव सकारात्मक सहयोग करता रहेगा।
समाज के पदाधिकारियों ने मांगों को गंभीरता से लेने और सकारात्मक आश्वासन देने के लिए महापौर रामू रोहरा का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान कोसरिया मरार पटेल समाज के जिलाध्यक्ष जितेंद्र पटेल, उपाध्यक्ष दिलीप पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल पटेल, प्रदेश महामंत्री एवं बगौद राज अध्यक्ष सियाराम पटेल, पोटियाडीह राज अध्यक्ष लखन पटेल, सलाहकार वासुदेव पटेल, गिरधारी पटेल, धमतरी राज सचिव गोपालन पटेल, बारना राज अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, जिला उपाध्यक्ष कुंजलाल पटेल, नूतन पटेल, जिला सहसचिव ईश्वर पटेल, कोषाध्यक्ष छबिलाल पटेल, जामगांव राज प्रतिनिधि एवं पूर्व राज अध्यक्ष कपिलदेव पटेल, जिला सचिव पुरुषोत्तम पटेल, रोशन पटेल (युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष, धमतरी राज) सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सामाजिक बंधुगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!