Uncategorized

स्वस्थ समाज, सुरक्षित पर्यावरण और समृद्ध भविष्य के लिए सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का संकल्प

ज्याहुल हुसैनी की स्मृति को चिरस्थाई बनाने मार्ग का नामकरण की घोषणा,धरातल से जुड़े पत्रकार थे - महापौर रामू रोहरा

धमतरी – स्वस्थ समाज, सुरक्षित पर्यावरण और समृद्ध भविष्य के उद्देश्य को लेकर मरहूम ज्याउल हुसैनी सामाजिक पर्यावरण फाउंडेशन के तत्वावधान में शनिवार 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे जिला हिन्दी साहित्य भवन नगर निगम स्कूल के पीछे धमतरी में सामाजिक सम्मान समारोह एवं जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, पत्रकारिता, कला, खेल, स्वास्थ्य सेवा और जनहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला हिन्दी साहित्य समिति के अध्यक्ष डुमन लाल ध्रुव ने की। कार्यक्रम का संचालन आकाश गिरी गोस्वामी ने किया। विशेष अतिथियों के रुप में एम. ए. फहीम अग्रदूत, रंजीत छाबड़ा (धमतरी एक्सप्रेस), हाजी अमीन (अमृत संदेश, जिला ब्यूरो), प्रेम मग्रेंन्द (प्रखर समाचार), पूनम शुक्ला (एनडीटीवी), कामिनी कौशिक (संरक्षक, जिला हिन्दी साहित्य समिति) तथा समाजसेविका प्रभा श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर महापौर रामू रोहरा ने किया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ के साथ पौध और पक्षियों के लिए सकोरा भेंट कर किया गया। पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता को भी प्रदर्शित करती नजर आई।
संस्था की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए मुनीजा ज्याउल हुसैनी ने फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था स्वस्थ समाज के निर्माण, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक चेतना के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने के उद्देश्य से गतिविधियां संचालित कर रही है। कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों एवं पदाधिकारियों वैभव जगने, डेमन सोनकर, जकी अहमद, मिर्जा अनीस बेग, तुलसी राम साहू, एकता सिंह और झंकार शर्मा की भी सहभागिता रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महापौर श्री रामू रोहरा ने संस्था द्वारा किए गए आत्मीय सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया और फाउंडेशन के उद्देश्यों की सराहना की। उन्होंने मरहूम ज्याउल हुसैनी के पत्रकारिता जीवन को याद करते हुए कहा कि वे धरातल से जुड़े पत्रकार थे। उनकी पत्रकारिता में समाज और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता मिलती थी। उन्होंने ज्याउल हुसैनी की स्वच्छ एवं निर्भीक पत्रकारिता का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।
महापौर ने मरहूम ज्याउल हुसैनी की स्मृति को चिरस्थाई बनाने के लिए उनके नाम पर वार्ड में मार्ग का नामकरण करने की घोषणा भी की। इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।
अध्यक्षता कर रहे जिला हिन्दी साहित्य समिति के अध्यक्ष श्री डुमन लाल ध्रुव ने मरहूम ज्याउल हुसैनी द्वारा किए गए कार्यों को संग्रहणीय और सामाजिक धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि समाज के लिए किए गए सकारात्मक कार्य व्यक्ति के जीवन के बाद भी लोगों को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने ज्याउल हुसैनी के सामाजिक सरोकारों और उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके कार्यों को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
श्रीमती कामिनी कौशिक ने भी ज्याउल हुसैनी के कार्यों और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्वों को याद करना और उनके कार्यों को आगे बढ़ाना सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं श्रीमती प्रभा श्रीवास्तव ने उनके द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए उनके सामाजिक सरोकारों को रेखांकित किया।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में शत्रुघ्न पांडे को वृक्षारोपण के लिए सम्मानित किया गया। कला के क्षेत्र में बसंत साहू को चित्रकला के लिए सम्मान मिला। वन्यजीव संरक्षण एवं जनसेवा के क्षेत्र में सूर्यकांत साहूकार को सर्प रेस्क्यू कार्य के लिए सम्मानित किया गया। विशेष बच्चों एवं खेल के क्षेत्र में कार्य के लिए सत्यांशु दीप को स्पेशल ओलंपिक्स से जुड़े कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। नशामुक्ति अभियान तथा भारत भ्रमण साइकिल यात्रा के माध्यम से जागरुकता फैलाने वाले तुलसी राम साहू का भी सम्मान किया गया। श्री लक्ष्मण साहू को कुश्ती विधा में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य एवं आपातकालीन जनसेवा के क्षेत्र में शिवा प्रधान को निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा के लिए सम्मानित किया गया। संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए दामिनी सोनेकर और जयश्री सोनेकर का भी सम्मान किया गया।अंत में फाउंडेशन की ओर से मुनीजा हुसैनी ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!