जिले के 56 शासकीय विभागो का 47 करोड़ का बिजली बिल शेष, 25 विभागों की कटी बिजली
स्मार्ट मीटर लगने के बाद विद्युत विभाग की सख्ती, सीधे रायपुर मुख्यालय से हुई कार्यवाही

धमतरी। जिले के शासकीय दफ्तरो का करोड़ो का बिजली सालों से बकाया है। जिसे जमा कराने विद्युत विभाग द्वारा पूर्व में नोटिस भी जारी किया गया था। बाउजूद इसके बिजली बिल जमा नहीं कराया गया। जिस पर अब स्मार्ट मीटर लगने के बाद सख्ती बरती जा रही है।
कल विद्युत विभाग द्वारा जिले के 25 शासकीय विभागों के विद्युत कनेक्शन काट दिये गये। जिससे विभागीय कामकाज प्रभावित हुआ। और हड़कम्प मच गया। बता दे कि जिले के 56 शासकीय विभागों का लगभग 47.46 करोड़ बिजली बिल बकाया है। उक्त लाईन काटने की कार्रवाई आनलाईन सिस्टम रायुपर कंट्रोल रुम से हुई है।
कल रोज की तरह शासकीय दफ्तरों में लोग अपने कार्यो को लेकर व कर्मचारी अधिकारी पहुंचे, लेकिन बिजली बंद होने से वे गर्मी से परेशान हुए साथ ही काम भी प्रभावित हुआ। उपपंजीयक कार्यालय, जिला कोषालय, जनपद पंचायत, आबकारी कार्यालय, सहित अन्य विभागीय कार्यालयों व नगर निगम के कुछ उद्यान व शौचालयों के विद्युत कनेक्शन भी काटे गए। जिनसे आम जनता को भी असुविधा हुई।
इन पर है करोड़ो का बकाया
बिजली विभाग की सूची के अनुसार सबसे ज्यादा बकाया ग्राम पंचायत नल-जल पर 29.87 करोड़ रुपए है। इसके बाद नगरीय निकाय नल-जल पर 5.05 करोड़, नगरीय निकाय सड़क बत्ती पर 3.78 करोड़, ग्राम पंचायत सड़क बत्ती पर 3.45 करोड़ और पुलिस विभाग पर 1.20 करोड़ रुपए का बकाया है। अन्य बड़े बकायादारों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग पर 89.33 लाख, लोक निर्माण विभाग पर 44.98 लाख, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग पर 44.58 लाख, जल संसाधन विभाग पर 33.44 लाख तथा स्कूल शिक्षा विभाग पर 16.59 लाख रुपए का बकाया शामिल है। उपपंजीयक कार्यालय का बिजली बिल अप्रैल से अगस्त तक का नहीं पटा है। 98 हजार रुपए का बिजली बिल बकाया होने के कारण उसका कनेक्शन काट दिया गया।
”शासकीय विभागो का करोड़ो का बिजली बिल बकाया है जिन्हें जमा कराने पूर्व में नोटिस दिया गया था। कल सीधे रायपुर से आनलाईन सिस्टम से विभागीय कार्यालयों की विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई है।ÓÓ
अनिल सोनी
ईई, विद्युत विभाग
धमतरी संभाग