सोरिद, सदर बाजार, रामबाग सहित विभिन्न गणेश पंडालों के महाआरती में शामिल हुए महापौर रामू रोहरा
गणेशोत्सव समितियों ने किया आत्मीय स्वागत, महापौर ने समितियों को भेंट किए स्मृति चिन्ह

धमतरी। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर शहरभर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। विभिन्न मोहल्लों एवं प्रमुख स्थानों पर स्थापित गणेश पंडालों में प्रतिदिन धार्मिक आयोजन, भजन-कीर्तन एवं महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर जगदीश रामू रोहरा ने सोरिद, सदर बाजार, रामबाग सहित शहर के विभिन्न गणेश पंडालों में पहुंचकर भगवान श्री गणेश की महाआरती में शामिल हुए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। महापौर रामू रोहरा के गणेश पंडालों में पहुंचने पर गणेशोत्सव समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान महापौर ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की तथा श्रद्धालुओं के साथ महाआरती में सहभागिता की। श्री रोहरा ने कहा कि गणेशोत्सव हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह पर्व लोगों को एकजुट करने के साथ ही सामाजिक भाईचारे, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। शहर के विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों में जिस उत्साह और श्रद्धा के साथ गणेशोत्सव मनाया जा रहा है, वह धमतरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक जीवंतता को दर्शाता है। महापौर रामू रोहरा ने श्रद्धालुओं एवं आयोजन समितियों से गणेशोत्सव के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की।

