अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही:कुरूद में 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

हेरोइन(चट्टा) नगदी, 2 मोटरसाइकिल एवं 4 मोबाइल सहित कुल 3.65 लाख रूपये का मशरूका जब्त
इन्वेन्चर स्कूल तिराहा, मेघा रोड पर ग्राहकों की तलाश करते पकड़े गए आरोपीगण
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नशे के सौदागरों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत धमतरी पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल एवं एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कुरूद पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त 3 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित कुल 3,65,000 रूपये कीमत का मशरूका जब्त किया है।
19 सितंबर को शाम करीब 6:20 बजे थाना कुरूद पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि इन्वेन्चर स्कूल तिराहा, मेघा रोड कुरूद के पास कुछ युवक अवैध मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) अपने पास रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में मौके पर मौजूद तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपियो मे.घनश्याम सिन्हा उर्फ घनसु सिन्हा, पिता विनोद सिन्हा, 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, कलार पारा कुरूद, ढालेन्द्र रजक उर्फ बाउ, पिता स्व. भागवत रजक, 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 32, नयापारा धमतरी, सूरज रजक, पिता गजानंद रजक, 29 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 32, नयापारा, बजरंग चौक धमतरी शामिल है.
आरोपियों से जब्त मशरूका कुल कीमत 3,65,000 रूपये,हेरोइन (चिट्टा) – 21.51 ग्राम, अनुमानित बाजार मूल्य 1,02,000 रूपये,नगद राशि – 8,000 रूपये, मोटरसाइकिल 2 नग, कीमत 1,60,000 रूपये, मोबाइल फोन 4 नग, कीमत 95,000 रूपये जब्त किया गया है
.थाना कुरूद पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 306/2026, धारा 21(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
