Uncategorized

मंत्रालय में नौकरी और आवास दिलाने के नाम पर 9 लाख से अधिक की ठगी, महिला सहित दो ठग गिरफ्तार


धमतरी। सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। प्रार्थी मनीष साहू 27 वर्ष, निवासी भानपूरी (थाना गुरूर, जिला बालोद) ने थाना सिटी कोतवाली धमतरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी के अनुसार, फरवरी 2024 में उसकी मुलाकात रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू पति प्रीतम साहू 50 वर्ष निवासी जंगल पारा गांधी नगर नगरी एवं अमित कुमार देवांगन पिता स्व. सुखराम देवांगन 38 वर्ष निवासी पारागांव, वार्ड क्रमांक 12, परमेश्वरी मंदिर के पीछे, भाठापारा, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर से हुई थी। दोनों ने प्रार्थी को अपने झांसे में लेते हुए स्वयं को मंत्रालय में कार्यरत बताया और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा पारिजात भवन (आवास) का आबंटन कराने का प्रलोभन दिया। आरोपियों ने प्रार्थी को विश्वास में लेने के लिए बाकायदा मंत्रालय (महानदी भवन) ले जाकर बाहर खड़ा किया और भवन की कुल कीमत 14,12,000 रुपये बताई। प्रार्थी से विभिन्न बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद माध्यमों से किश्तों में कुल 9,08,000 रुपये ऐंठ लिए गए। इसके अलावा प्रार्थी से बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए गए। जब प्रार्थी को अपने साथ ठगी का अहसास हुआ और उसने रकम वापस मांगी, तो केवल 2,98,999 रुपये लौटाए गए तथा शेष बड़ी रकम हड़प ली गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!