आबकारी विभाग द्वारा नारी शराब दुकान मे तत्काल किया गया आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी संबंधी उपाय – आबकारी अधिकारी रोहित देवांगन


धमतरी। जिला आबकारी अधिकारी रोहित देवांगन ने जानकारी देते हुए बताया कि भारी वर्षा एवं गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के कारण ग्राम नारी स्थित मदिरा दुकान परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जलभराव के परिणामस्वरूप दुकान की दीवार को आंशिक क्षति पहुँची तथा मदिरा के कुछ मात्रा में बह जाने की स्थिति निर्मित हुई। इस संबंध में क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की अफवाहें भी प्रसारित होने लगीं। उक्त परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए, मदिरा के अनधिकृत बहाव अथवा दुरुपयोग की संभावना को रोकने तथा किसी भी प्रकार की जन-धन की हानि से बचाव हेतु आबकारी विभाग द्वारा तत्काल आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी संबंधी उपाय किए गए हैं। विभागीय अमले द्वारा रात्रि के समय भी उक्त मदिरा दुकान परिसर में सतत निगरानी रखी जा रही है तथा स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। परिस्थितियों पर विभाग द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है एवं आवश्यकता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

