भखारा-भठेली की आंगनबाड़ियों में ‘आँगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित
सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं का किया गया सम्मान

भखारा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत भखारा-भठेली नगर पंचायत क्षेत्र की विभिन्न आंगनबाड़ियों में ‘आँगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, माताएं एवं नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सार्वजनिक अभिनंदन एवं सम्मान कर उनके समर्पण, सेवाभाव और निरंतर योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं समाज के नौनिहालों के पोषण, स्वास्थ्य और संस्कार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। बच्चों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए पोषण के प्रति जागरूकता और समाज की सामूहिक सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान पौष्टिक आहार प्रदर्शनी लगाई गई तथा बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में माताओं एवं नागरिकों को बच्चों के संतुलित आहार और बेहतर पोषण के प्रति जागरूक किया गया।

