Uncategorized

माँ अंगारमोती मंदिर में नवरात्रि की भव्य तैयारी

80 से अधिक युवक-युवतियां संभालेंगे सेवा की जिम्मेदारी


धमतरी । आदिशक्ति माँ अंगारमोती ट्रस्ट द्वारा नवरात्रि पर्व को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारू व्यवस्था के लिए इस बार आदिवासी समाज के युवाओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवरात्रि के दौरान 80 से अधिक युवक-युवतियां सेवा कार्य में जुटेंगे। युवाओं की ड्यूटी ज्योत स्थान, माता परिसर और बेरिकेड्स व्यवस्था सहित विभिन्न स्थानों पर लगाई जाएगी। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बेरिकेड्स लगाए जाएंगे, जहां भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए युवाओं की तैनाती रहेगी। इसके साथ ही गोंड समाज के मुड़ा परिक्षेत्र के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी सेवा की जिम्मेदारी दी गई है। नवरात्रि के प्रत्येक दिन अलग-अलग मुड़ा परिक्षेत्र से सामाजिक जन मंदिर परिसर में पहुंचकर सेवा देंगे। नवरात्रि के अवसर पर माँ अंगारमोती मंदिर परिसर को आकर्षक लाइटों से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परिसर में पेयजल की व्यवस्था की जाएगी तथा शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। नवजात बच्चों को स्तनपान कराने वाली माताओं तथा गर्भवती महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ट्रस्ट का प्रयास है कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। नवरात्रि में जंवारा झांकी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया है, जहां टोकरी में जंवारा की बोआई की जाएगी। युवाओं की देखरेख में प्रतिदिन जंवारा की पूजा-अर्चना की जाएगी और नवमी के दिन जंवारा विसर्जन किया जाएगा। नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम पुजारियों एवं पंडा द्वारा माता की भव्य आरती की जाएगी। ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन मरई ने कहा कि नवरात्रि आयोजन में श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थित दर्शन को प्राथमिकता दी जा रही है। इस बैठक में माधवसिंह ठाकुर, डॉ एआर ठाकुर, शिवचरण नेताम,पुजारी ईश्वर नेताम, तुकाराम मरकाम, ढालू ध्रुव,उदय नेताम,देवानंद नेताम,गणेश्वर ध्रुव, शशि ध्रुव,नन्दा सलाम,गीता नेताम,अनिता ध्रुव,बुधन्तिन नेताम,चंद्रकिरण नेताम,भूमिका कोर्राम,ओंकार नेताम,जयपाल सिंह ठाकुर,कृष्णा नेताम,राधेश्याम नेताम आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!