Uncategorized

योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, निर्माण कार्य समय-सीमा में करें पूर्ण-सीईओ

जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने की योजनावार समीक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण और आजीविका संवर्धन पर दिया जोर

धमतरी- जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने जिला पंचायत सभाकक्ष में शाखा प्रमुखों की बैठक लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित मॉनिटरिंग के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में स्वामी विवेकानंद खेल प्रोत्साहन योजना के तहत पंचायतों के माध्यम से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा रिसगांव में पुलिस विभाग के समन्वय से बॉक्सिंग सहित अन्य खेल गतिविधियों की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। पंचायत अवार्ड के लिए बेहतर कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों का चयन करने पर भी जोर दिया गया।

निर्माण कार्यों और आवास योजनाओं की समीक्षा

सीईओ ने वीबी-जी रामजी योजना के स्वीकृत कार्य तत्काल प्रारंभ करने तथा बिजनापुरी, श्यामतराई और कोकड़ी में शेड निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत लंबित शौचालय निर्माण 15 नवंबर तक पूर्ण कराने और अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने, मैदानी समस्याओं का निराकरण करने तथा पंचायत सचिवों को प्रत्येक सोमवार बैंक जाकर आवश्यक अभिलेख अद्यतन कराने को कहा गया।

महिला स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका पर जोर

महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बाला संस्था और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से 30 हजार महिलाओं एवं बालिकाओं तक मासिक धर्म स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाने तथा पुनः उपयोग योग्य सैनिटरी पैड वितरण की पहल की समीक्षा की गई। नारी में हथकरघा गतिविधियों को बेहतर बनाने, महिलाओं को चरखा संचालन का प्रशिक्षण देने तथा शरबदा में मशरूम उत्पादन संबंधी जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए।

सीईओ ने सभी विकासखंडों की 10-10 ग्राम पंचायतों में गोटरी कार्य स्वीकृत करने और स्व-सहायता समूहों को सीआईएफ की राशि तत्काल जारी करने को कहा। कोटगांव (कुरूद) में औषधीय पौधों की खेती विकसित करने तथा आसपास के गांवों में सिंदूर और शतावरी का रोपण प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए।

स्थानीय उत्पादों और पर्यटन विकास को मिलेगी गति

ग्रामीण उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए नगरी के दुबराज चावल को सुमीत बाजार एवं सी-मार्ट से संबद्ध करने, सरस मेला आयोजन की रूपरेखा तैयार करने तथा संबलपुरी साड़ी और कोसा परियोजना की जानकारी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए पीपीटी तैयार करने को कहा गया।

पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए गंगरेल स्थित अंगारमोती मंदिर क्षेत्र में नियमित सफाई, अंगारमोती और नरहरा धाम में एनएसएस के माध्यम से स्वच्छता गतिविधियां संचालित करने तथा ग्राम पंचायतों के बीच स्वच्छता रैंकिंग विकसित करने पर जोर दिया गया। डुबान क्षेत्र के हरफर स्थित गांधी मंदिर में सीढ़ी निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने और गोरेगांव में जेएफएमसी गतिविधियों को गति देने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अधिकारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, महिला सशक्तीकरण और पर्यटन स्थलों के सुव्यवस्थित विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!