बंजर भूमि से हरियाली की ओर बढ़ता खिसोरा, वृक्षारोपण से संवर रही गांव की तस्वीर
चारागाह की 7 एकड़ भूमि पर 9.57 लाख रुपये की लागत से लगाए गए 1,000 पौधे, 880 पौधे जीवित

धमतरी। मगरलोड विकासखंड की ग्राम पंचायत खिसोरा ने चारागाह भूमि को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की पहल की है। वीबी-जी राम जी के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में ग्राम पंचायत की 7 एकड़ चारागाह भूमि पर 9.57 लाख रुपये की लागत से वृक्षारोपण कराया गया है। इस कार्य के तहत विभिन्न प्रजातियों के कुल 1,000 पौधे लगाए गए हैं, जिनमें से वर्तमान में 880 पौधे जीवित हैं। इस वृक्षारोपण में आम, जामुन, करौंदा, गुलमोहर, आंवला, पीपल एवं बरगद जैसी फलदार, औषधीय और छायादार प्रजातियों को शामिल किया गया है। चारागाह भूमि पर विकसित किया जा रहा यह हरित क्षेत्र केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से मिट्टी और जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वृक्ष मिट्टी के कटाव को कम करने, वर्षा जल के भूमि में समावेशन को प्रोत्साहित करने तथा भूमि की नमी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ ग्रामीणों में पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होगी। इस पहल की विशेषता पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की व्यवस्था करना है। रोपित 1,000 पौधों में से 880 का जीवित रहना पौधों के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है। इन पौधों की सिंचाई, सुरक्षा, निराई-गुड़ाई एवं आवश्यक रखरखाव की जिम्मेदारी तीन वर्ष की लीज अवधि के लिए आस्था महिला स्व-सहायता समूह, आस्था महिला संगठन, करेलीबाड़ी को सौंपी गई है। ग्राम पंचायत खिसोरा में वीबी-जी राम जी के अंतर्गत अधोसंरचना निर्माण और जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न विकास कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।
