सुरक्षा के साथ शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने की गई है अतिरिक्त बल की मांग
एसपी आंजनेय वाष्र्णेय ने गुंडे, बदमाशो, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी व कार्रवाई के दिए है निर्देश
चुनाव में व्यवधान उत्पन्न न हो इसलिए अवैध शराब के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान

धमतरी। निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय व त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव आदर्श आचार संहिता लागू हो चुका है। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति पूर्ण मतदान व कानून व्यवस्था बेहतर बनाए रखना जिला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। हालंकि एसपी आनंजेय वाष्र्णेय के मार्गदर्शन में जिला पुलिस चुनावी तैयारियों में जुटी हुई है। ज्ञात हो कि प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती चुनाव शांतिपूर्ण निपटाना है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक लेकर सभी विभागो के अधिकारियों को समन्वयक बनाकर काम करने कहा है। चर्चा के दौरान एसपी ने कहा गुंडे-बदमाशों की धरपकड़ की जाएगी ताकि वे चुनाव में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न कर सके तथा हथियार लेकर घुमने वालों पर आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा। जिले के सभी थानों की पुलिस के द्वारा गुंडे बदमाशों की सूची खंगाली जा रही है। इधर जिले में आदर्श आचरण संहिता लागू है। अब कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक जगह, सभा और रास्ते में बंदूक, तलवार या अन्य कोई भी हथियार लेकर नहीं चल सकेंगे। जिनके पास लाइसेंसी हथियार है उन्हें भी थाने में जमा करना होगा। सशस्त्र जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी तथा आपत्ति जनक पोस्टर लगाए जाने पर कार्रवाई होगी। शस्त्र रखने की अनुमति सिर्फ उन शासकीय सेवकों को मिलेगी जिन्हें अपने दायित्व के संगठन के लिए शस्त्र रखना अनिवार्य है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने का काम करने वाले कर्मचारी भी शस्त्र रख सकेंगे।
एसपी श्री वाष्र्णेय ने आगे कहा कि चुनाव सम्पन्न कराने अतिरिक्त बल की मांग कर दी गई है। लेकिन स्थानीय स्तर पर शांति पूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने की तैयारी की जा रही है। गुंडे बदमाशो की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पिछले साल भर में कई बदमाशो को जिला बदर किया गया है। कई और बदमाशो को जिला बदर करने की प्रक्रिया जारी है। विशेषकर अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। ताकि चुनाव में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। एसपी ने असामाजिक तत्वों व बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई के सख्त निर्देश सभी थाना प्रभारियों व अधिकारियों को दिए है। उन्होने कहा कि आचार संहिता का पालन पूरी गंभीरता से कराने जिला पुलिस जुटी हुई है।

