धमतरी, बिलासपुर सहित प्रदेश के सभी 33 जेलो में बंदियों ने किया महाकुंभ के पवित्र गंगा जल से स्नान
कैदियों को आत्मिक शुद्धि का अनुभव कराना व मानसिक मजबूती है उद्देश्य

धमतरी/बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने प्रयागराज महाकुंभ से कैदियों के लिए गंगाजल लाए हैं. इस गंगाजल से न केवल धमतरी जिला जेल, बिलासपुर जेल, सहित रायपुर सेंट्रल जेल के बल्कि छत्तीसगढ़ की सभी 33 जेलों में इच्छुक बंदियों ने महाकुंभ संगम स्थल के पवित्र जल से स्नान किया है। ज्ञात हो कि जिला जेल धमतरी सहित प्रदेश के सभी जेलो में छत्तीसगढ़ सरकार व जेल प्रशासन की पहल पर आज प्रात: 8 बजे जेल में निरुद्ध बंदियों को प्रयागराज महाकुंभ से प्राप्त पवित्र गंगाजल से सामुहिक स्नान करवाया गया। स्नान से पूर्व गंगाजल का पूरे विधि विधान से पूजा अर्चन कर जेल में स्थापित स्नानागार (नहाने की पानी टंकी) जिसे फूल, मालाओं एवं पुष्प के पंखुडिय़ों से सजाया गया था और गंगाजल को समाहित किया गया। तत्पश्चात धमतरी जेल में निरुद्ध सभी 239 बंदियों को बारी-बारी से गंगाजल से स्नान करवाया गया। इस आयोजन का उद्देश्य कैदियों को अध्यात्मिक शुद्धि का अनुभव कराना एवं उनके मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाना है।

गंगाजल को भारतीय संस्कृति में पवित्र और शुद्धिकरण का प्रतीक माना जाता है। जेल प्रशासन का मानना है कि गंगाजल से स्नान करने से कैदियों को मानसिक शांति मिलेगी एवं आध्यत्मिक रूप से मजबूती मिलेगी, उनके भीतर आत्म परिवर्तन, सकरात्मक सोच व समाज की मुख्य धारा में जुड़कर बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा मिलेगी। उक्त कार्यक्रम का आयोजन जिला जेल धमतरी सहित प्रदेश के सभी जेलो में व्यवस्थित एवं शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न किया गया। धमतरी जिला जेल में स्नान के दौरान एन. के डहरिया सहायक जेल अधीक्षक, दिनेश गजेन्द्र मुख्य प्रहरी एवं गार्ड इंचार्ज, राजेन्द्र लकड़ा मुख्य प्रहरी, देवचंद चौधरी प्रहरी, परमानंद सामले एवं उमेश पुरेना प्रहरी उपस्थित रहे। स्नान के पश्चात विजय शर्मा उपमुख्यमंत्री (जेल विभाग) एवं हिमांशु गुप्ता, महानिदेशक (जेल) को धन्यवाद दिया गया।
कैदियों के बीच धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को बढ़ावा देने की दिशा में है सकारात्मक कदम – डीजी जेल हिमांशु गुप्ता

उक्त आयोजन को लेकर महानिदेशक (जेल) हिमांशु गुप्ता ने विशेष व्यवस्था कराया था। श्री गुप्ता ने कहा कि आज प्रात:काल इस कार्यक्रम में बंदियों एवं जेल स्टाफ ने हर्षोउल्लास से भाग लिया गया है. यह कैदियों के बीच धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। छत्तीसगढ़ की सभी 33 जेलों में इच्छुक बंदियों को संगम जल से स्नान कराया गया। जेल स्टाफ तथा बंदियों द्वारा इस कार्यक्रम में हर्षोल्लास से भाग लिया गया।


