Uncategorized

बेटी को उपहार ग्रुप ने विवाह के पूर्व तीन बेटियों को दिए शादी के उपहार

ज्वेलरी, कपड़े, सगुन की मंगोड़ी दी, बेटियों के पैर छूकर, ग्रुप की रूबी गोयल ने घरवा की रस्म पूरी की

बेटियों की शादी के शुभ काम में शामिल होकर अपने आप को सौभाग्यशाली मान रहा हूं -पीयूष तिवारी एसडीएम

धमतरी। सुभाषनगर वार्ड धमतरी की अनुसुइया बाई ढीमर, पति स्व. तुलसीदास ढीमर की दो बेटियों जुगनी और ज्योति तथा परसतरई की दुलारी बाई पटेल, पति स्व. मिलन पटेल की बेटी कुसुम, इन दो परिवारों की तीनों बेटियों का विवाह 7 एवं 8 मई को होना तय हुआ है । पति की आकस्मिक मृत्यु के बाद दोनों माताओं ने गंभीर आर्थिक संकट की परिस्थितियों में बेटियों की परवरिश की। सगी बहनें जुगनी और ज्योति की बारात दुर्ग के दो सगे भाइयों के साथ आएगी और कुसुम की बारात रेवतीनवागांव से आएगी। इन तीनों बेटियों को बेटी को उपहार ग्रुप के माध्यम से कुछ उपहार दिए गए और परिवार को राशन उपलब्ध कराए गए। पी. डब्ल्यू. डी. रेस्ट हाउस, रत्नाबांधा रोड धमतरी में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में बेटी को उपहार ग्रुप की सदस्यों ने मिलकर तीनों बेटियों को बिठाकर तिलक लगाकर शादी के पोशाक, श्रृंगार सामग्री देकर उनका खोल भरा और श्रीमती रूबी गोयल ने तीनों बेटियों को ज्वेलरी, साडिय़ा मंगोड़ी भरा डिब्बा भेंटकर और उनके पैर छूकर घरवा की रस्म निभाई। ग्रुप के द्वारा आमंत्रित धमतरी के एस.डी.एम. पीयूष तिवारी ने इस अवसर पर उपस्थित होकर बेटियों को शुभकामनाएं दीं, सगुन का लिफाफा और मिठाई का डिब्बा भेंट किया। बेटियों ने उनका आशीर्वाद लिया। श्री तिवारी ने कहा कि इस नेक काम में शामिल होकर मैं अपने आपको सौभाग्यशाली मान रहा हूं। बेटियां, उनकी माताएं एवं उपस्थित परिजन इन क्षणों में भावुक हो गए उनकी आँखें छलक उठीं। बेटी को उपहार ग्रुप की संयोजक डॉ.सरिता दोशी ने बताया कि, धमतरी के विभिन्न समाजों के 35 सदस्यों से उनका ग्रुप बना है और सभी सदस्यों की सहृदयता और सेवाभावना के माध्यम से वे विगत 8 वर्षों से बेटियों के विवाह में जरूरतमंद परिवारों को सहयोग कर रहे हैं। अभी तक उनके ग्रुप ने 18 बेटियों को उपहार देकर खोल भरने की परंपरा निभाई है। इन तीनों बेटियों के साथ उनकी शुभ संख्या 21 हो गई है। नेग दस्तूर के बाद बेटियों और परिवारजनों का मुंह मीठा कराकर बधाई दी गई। अंत में ग्रुप की वरिष्ठ सदस्य अनु नंदा ने व्यस्तता के बीच समय निकालकर आने के लिए एसडीएम के प्रति आभार जताया। उपरोक्त कार्यक्रम में ग्रुप की वर्षा खंडेलवाल, पायल खंडेलवाल, आरती सोनी, सुलेखा जोशी, गौरव लोहाना, सुभाष मलिक, रितेश गोयल का सक्रिय सहयोग रहा। और बेटियों की मां अनुसूइया बाई ,दुलारी बाई रामचरन पटेल कमलनारायण पटेल और रेशमा मेश्राम उपस्थित रहे।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!