Uncategorized

धमतरी में नक्शा प्रोजेक्ट का निरीक्षण : कलेक्टर व संचालक भू-अभिलेख ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

धमतरी, 11 दिसंबर 2025/– जिले में चल रहे नक्शा प्रोजेक्ट के अंतर्गत फिजिकल वेरिफिकेशन कार्यों का निरीक्षण आज कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा तथा संचालक भू-अभिलेख श्री विनित नंदनवार द्वारा किया गया।
यह प्रोजेक्ट नगर पालिक निगम धमतरी क्षेत्र के पाँच गांव—धमतरी, गोकुलपुर, सोरिदभाट, बठेना और हटकेश्वर—में संचालित हो रहा है। इन क्षेत्रों के 40 वार्डों को सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए 12 क्लस्टर में विभाजित किया गया है, जिनमें कार्य हेतु 48 सर्वे टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में राजस्व निरीक्षक, पटवारी, निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक एवं चैनमैन शामिल हैं। बेहतर निगरानी के उद्देश्य से सभी टीमों के लिए 12 दल प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें उपायुक्त निगम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधीक्षक भू-अभिलेख, निगम इंजीनियर तथा सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख सम्मिलित हैं।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा और संचालक श्री विनित नंदनवार ने चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि नक्शा प्रोजेक्ट जिले में भू-अभिलेखों के आधुनिकीकरण का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने सर्वे टीमों को निर्देशित किया कि फील्ड वेरिफिकेशन में पूर्ण सटीकता, पारदर्शिता और समयसीमा का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टीमों द्वारा प्राप्त प्रत्येक डेटा की GPS आधारित सटीक मैपिंग, सही सीमांकन एवं स्थल का वास्तविक सत्यापन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम श्रीमती इंदिरा नवीन सिंह प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख , श्री मनोज मरकाम, उप संचालक भू-अभिलेख श्री राकेश साहू, उपायुक्त नगर पालिक निगम श्री सार्वा, अधीक्षक भू-अभिलेख मास्टर ट्रेनर दीपचंद भारती तथा सभी सर्वे टीमों के सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी टीमों को नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने एवं किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि यह प्रोजेक्ट शहर के भूमि अभिलेखों को अपडेट करने के साथ-साथ आगे की बेहतर नगरीय योजना का आधार बनेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!