महापौर की गाड़ी के सामने लेटना लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन – मेघराज ठाकुर

धमतरी। भाजपा पार्षद मेघराज ठाकुर ने कहा है पुनर्वास के नाम पर स्टेशन पारा के कुछ लोगों को साथ लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा नगर निगम कार्यालय के सामने महापौर रामू रोहरा की गाड़ी के सामने लेट जाना अत्यंत निंदनीय, दुर्भाग्यपूर्ण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। विरोध के नाम पर इस प्रकार का प्रदर्शन न केवल कानून-व्यवस्था को चुनौती देता है, बल्कि शहर की शांति, प्रशासनिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है। उन्होंने ने कहा कि महापौर रामू रोहरा नगर निगम में पारदर्शी प्रशासन, विकास कार्यों और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। निगम क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, आवास, शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं को लेकर लगातार ठोस कार्य किए जा रहे हैं। ऐसे सकारात्मक कार्यों से जनता का ध्यान भटकाने के उद्देश्य से कांग्रेस द्वारा इस तरह का नाटक करना केवल राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।लोकतंत्र में विरोध करना सभी का अधिकार है, लेकिन विरोध की भी एक गरिमा, मर्यादा और संवैधानिक सीमा होती है। किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि की गाड़ी के सामने लेटना न तो स्वस्थ राजनीति का उदाहरण है और न ही इससे किसी समस्या का समाधान निकलता है। इस तरह के कृत्य से आम जनता में गलत संदेश जाता है और शहर की छवि भी धूमिल होती है।कांग्रेस नेताओं को चाहिए कि वे सड़क पर लेटकर नौटंकी करने के बजाय अपने गिरेबान में झांककर देखें और यह आत्ममंथन करें कि जब वे सत्ता में थे, तब शहर और स्टेशन पारा क्षेत्र के लिए क्या ठोस कार्य किए गए। जनता अब सब समझती है और विकास बनाम अवरोध की राजनीति में फर्क कर रही है।

