एक दिवसीय साइबर अपराध पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित,सभी थानों के विवेचक रहे शामिल
1930 हेल्पलाइन,साइबर पुलिस पोर्टल, सीईआईआर, समन्वय पोर्टल,ओपेन सोर्स इंटेलीजेंस इत्यादि के संबंध में दिया गया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण शाला में प्रश्नों के अच्छे उत्तर देने वाले 6 पुलिस कर्मी पुरस्कृत
रेंज आईजी अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में एसपी. धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व एवं उपस्थिति में धमतरी जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, सभी थाना,चौकी प्रभारी, साइबर सेल टीम, विवेचना अधिकारी एवं ऑपरेटरों के लिए एक दिवसीय साइबर अपराध कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में निरंतर बढ़ रहे साइबर वित्तीय अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, शिकायतों पर त्वरित, संवेदनशील एवं तकनीकी रूप से सशक्त कार्यवाही सुनिश्चित करना तथा विवेचना प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।कार्यशाला के दौरान साइबर अपराध की शिकायत प्राप्त होते ही 1930 हेल्पलाइन नंबर, साइबर क्राइम पोर्टल पर तत्काल रिपोर्टिंग,
बैंक खातों से संबंधित आवश्यक जानकारी हेतु नोटिस जारी करने की प्रक्रिया,तथा फ्रॉड की गई राशि को सुरक्षित रखने हेतु संबंधित बैंकों से त्वरित समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया।पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि साइबर अपराधों से संबंधित प्रत्येक शिकायत को अत्यंत गंभीरता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ लेते हुए पीड़ित को शीघ्र राहत प्रदान की जाए, जिससे आम नागरिकों का पुलिस पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।साइबर अपराधों के प्रति पुलिस बल की दक्षता बढ़ाने हेतु कार्यशाला के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया।प्रश्नों के सही एवं सटीक उत्तर देने पर निरीक्षक समीर तिवारी,
आरक्षक लोकेश सिन्हा, विजय शर्मा, तुलेश्वर रावत एवं टिकेश्वर मरकाम
को पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा सेवा पुस्तिका में प्रशंसा अंकित कर सम्मानित किया गया।साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु आरक्षक देवेंद्र साहू को 200 रूपये नगद ईनाम प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
वहीं साइबर विषयक प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाने पर प्रधान आरक्षक संतेर सोरी, बिरेंद्र साहू एवं हरिशंकर सिन्हा के विरुद्ध सेवा पुस्तिका में निंदा की अनुशासनात्मक कार्यवाही की गई।इस कार्यवाही का उद्देश्य पुलिस कर्मियों में साइबर अपराधों के प्रति गंभीरता, तकनीकी दक्षता एवं उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक मजबूत करना है।उक्त कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडे, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी,आईजी ऑफिस से प्रशिक्षण देने आये सायबर एक्सपर्ट डीएसपी निशीथ अग्रवाल एवं टीम, डीएसपी सुश्री मोनिका मरावी, डीएसपी सुश्री मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, थाना,चौकी प्रभारी, साइबर प्रभारी सहित जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।