प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर श्री मिश्रा ने ली समीक्षा बैठक

धमतरी-कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के बेहतर क्रियान्वयन हेतु विद्युत विभाग, बैंकों एवं वेंडर्स की संयुक्त बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना केंद्र एवं राज्य सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसके लिए शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करना संबंधित सभी विभागों, बैंकों एवं वेंडर्स की जिम्मेदारी है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि कई बार आवेदकों द्वारा बैंकों में आवेदन प्रस्तुत किए जाने के बावजूद छोटी-छोटी कमियों के कारण ऋण प्रकरण निरस्त कर दिए जाते हैं, जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदकों की ऋण प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करें, यह उनकी नैतिक जिम्मेदारी है। साथ ही सभी बैंकों में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से संबंधित फ्लेक्स लगाने के निर्देश दिए, ताकि बैंक में आने वाले अन्य लोगों को भी योजना की जानकारी मिल सके।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने बैंकों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्राप्त आवेदनों एवं उनके लंबित रहने की अवधि की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो बैंक सहयोग नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की गाइडलाइन के अनुसार प्राप्त आवेदनों का निराकरण 15 दिवस के भीतर किया जाना अनिवार्य है, इसका सभी बैंक पालन सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने शासन द्वारा आवंटित लक्ष्य एवं उसके विरुद्ध स्थापित सोलर प्लांट की भी समीक्षा की। इस दौरान वेंडर्स के कार्य में आ रही समस्याओं को विस्तार से सुना और उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। साथ ही बैंकों को वेंडर्स को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को अधिक से अधिक घरों तक पहुंचाने एवं जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले के सभी विकासखंडों एवं नगर निगम क्षेत्र में शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, योजना अंतर्गत ऋण प्रकरण लेकर आने वाले आवेदकों की सुविधा के लिए सभी बैंकों में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए, ताकि आवेदकों को बार-बार बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें।बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता श्री अनिल सोनी, विभिन्न बैंकों के प्रबंधक एवं उनके प्रतिनिधि तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना अंतर्गत कार्यरत वेंडर्स उपस्थित रहे।

