बी.सी.एस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का स्नेह सम्मेलन संपन्न
मुख्य अतिथि मंत्री टंकराम वर्मा ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ

धमतरी- बी.सी.एस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का स्नेह सम्मेलन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री माननीय टंकराम वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि नगर निगम महापौर रामू रोहरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
महाविद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।अपने उद्बोधन में मंत्री टंकराम वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही शासन की विभिन्न शिक्षा एवं कौशल विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने का आह्वान किया।विशिष्ट अतिथि महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि महाविद्यालय शहर की शैक्षणिक पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें लोकनृत्य, गीत,नाटक एवं अन्य कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
