आमदी नगर पंचायत के मुक्तिधाम उन्नयन हेतु 58 लाख रुपये स्वीकृत

धमतरी। विधायक ओंकार साहू के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप आमदी नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 15 स्थित मुक्तिधाम के उन्नयन कार्य हेतु 58 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करवाई गई है। इस स्वीकृत राशि से मुक्तिधाम परिसर में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार एवं सुव्यवस्थित निर्माण कार्य किया जाएगा, जिससे नागरिकों को बेहतर एवं सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। स्वीकृत राशि से मुक्तिधाम में शेड निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा, सौंदर्यीकरण, मार्ग निर्माण सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील अवसरों पर परिजनों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
नगर पंचायत के नेता प्रतिपक्ष ऋषभ ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि एमन साहू, पार्षद पारसमणि साहू, चितेन्द साहू एवं ललिता पटेल ने मुक्तिधाम उन्नयन कार्य के लिए राशि स्वीकृत होने पर विधायक ओंकार साहू के प्रति आभार व्यक्त किया।

