भखारा में स्ट्रीट लाइट के लिए 73.58 लाख की स्वीकृति
अब और भी जगमग होगा नगर, नागरिकों ने जताया हर्ष

भखारा। अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि से वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत नगर पंचायत भखारा में आधुनिक स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के लिए 73 लाख 58 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर की पहल पर मिली इस स्वीकृति से नगर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
प्रमुख मार्गों व वार्डों में लगेंगे ऑक्टागोनल पोल
स्वीकृत राशि से नगर पंचायत भखारा के विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख मार्गों पर ऑक्टागोनल स्ट्रीट पोल और आधुनिक एलईडी लाइटें स्थापित की जाएंगी। इससे नगर में रात के समय प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होगी और नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
सुरक्षा और सुंदरता दोनों में होगा सुधार
नई स्ट्रीट लाइट व्यवस्था लागू होने से सड़कों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी रहेगी। इससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी तथा असामाजिक गतिविधियों पर भी नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। साथ ही नगर की सुंदरता और आधुनिक स्वरूप भी निखरेगा।
नगर अध्यक्ष ने जताया आभार
नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने कहा कि यह स्वीकृति नगर के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि स्ट्रीट लाइट लगने से नगर में और भी बेहतर प्रकाश व्यवस्था होगी और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए अध्यक्ष और टीम ने अपने विधायक अजय चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। स्ट्रीट लाइट स्थापना की स्वीकृति मिलने से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में खुशी का माहौल है। नागरिकों ने इसे नगर के विकास और सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है।
