बोर्ड परीक्षाओं की तहर होगी पांचवी व आठवी की वार्षिक परीक्षा
880 प्राथमिक एवं 445 माध्यमिक शालाओं के छात्र-छात्राएं होंगे शामिल

धमतरी। जिले में पांचवी और आठवी की परीक्षा केन्द्रीयकृत परीक्षा बोर्ड की तर्ज पर आयोजित की जाएगी। इसे ध्यान में रख इन कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को संबंधित स्कूल के शिक्षक विशेष तैयारी करा रहे है। ताकि बच्चों के मन में बोर्ड परीक्षा को लेकर किसी तरह का भय न हो। उक्त परीक्षा में जिले के करीब 880 प्राथमिक एवं 445 माध्यमिक शालाओं के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा सुबह नौ बजे से ली जाएगी। जो कि बोर्ड की तर्ज पर होगा। शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार पांचवी और आठवी का प्रश्न पत्र उच्च कार्यालय के निर्देश पर जिला स्तर पर तैयार किये गये है। परीक्षार्थी अपने ही स्कूल में परीक्षा देंगे। अलग से केन्द्र नहीं बनाया गया है। पांचवी की परीक्षा 16 मार्च से गणित पर्चे के साथ शुरू होगी। 19 मार्च को अंग्रेजी व 23 को हिन्दी एवं 25 को पर्यावरण के पर्चे हल करेंगे। आठवीं की परीक्षा 17 मार्च से गणित पर्चे के साथ शुरू होगी। बीस को हिन्दी, 24 को अंग्रेजी, 30 मार्च को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी। 2 अप्रैल को विज्ञान एवं 6 अप्रैल को संस्कृत विषय की परीक्षा देंगे। आठवीं की परीक्षा में करीब 12 हजार 163 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। जबकि पांचवी की परीक्षा 11 हजार 944 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।


