Uncategorized

बालक चौक कांप्लेक्स के सामने अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई, जूता-चप्पल व फल ठेले का सामान जब्त

धमतरी-शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम की टीम द्वारा बालक चौक कांप्लेक्स के सामने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस क्षेत्र में लंबे समय से जूता-चप्पल एवं फल के ठेले लगाए जा रहे थे, जिससे सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा था और आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। भीड़भाड़ के कारण कई बार जाम जैसी स्थिति भी बन जाती थी।
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे लगाए गए जूता-चप्पल के टीन टप्पर, कैरेट सहित अन्य सामान को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान ठेला संचालकों को समझाइश देते हुए बताया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार ठेला लगाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा ने बताया कि बालक चौक कांप्लेक्स क्षेत्र शहर का व्यस्त इलाका है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क किनारे ठेले लगने से यातायात व्यवस्था बाधित हो रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने संबंधित ठेला संचालकों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि भविष्य में इस स्थान पर दोबारा ठेला लगाए जाने की स्थिति में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीम द्वारा शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!