सुशासन तिहार: जिले में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के नेतृत्व में सरकार पहुंच रही सीधे जनता तक
शिविरों के माध्यम से शासन प्रशासन नागरिकों के मांगो शिकायतो का कर रही निराकरण
हो रही योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा, विकास कार्यो में गति लाने व आम जनता जनप्रतिनिधियों व सामाजिक सगंठनों से किया जा रहा सीधा संवाद स्थापित

धमतरी। छग सरकार द्वारा आम जनता की समस्याओं को समय पर दूर करने व मांगो को पूरा करने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करने, विकास कार्यो में गति लाने व आम जनता जनप्रतिनिधियों व सामाजिक सगंठनों से सीधा संवाद स्थापित करने सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत धमतरी सहित प्रदेश भर में सुशासन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। धमतरी में उक्त शिविर के माध्यम से आमजनता तक पहुंचने के साथ ही जनता के द्वार शासन प्रशासन को पहुंचाने में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा गंभीर है। उनके नेतृत्व में जिले में लगातार शिविर को सार्थक बनाया जा रहा है।
बता दे कि प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार का आयोजन किया जाएगा। जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रो में ग्राम पंचायतों के क्लस्टर व शहरी क्षेत्रो में वार्ड क्लस्टर बनाकर जनसमस्या निवारण शिविर लगाया जा रहा है। जिले में अब तक लगभग आधा दर्जन शिविर लगाए जा चुके है। जिनमें अधिकांश शिविर में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा स्वयं शामिल हुए और जनता की मांगो, शिकायतों का निराकरण करने जुटे रहे। चर्चा के दौरान धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जिले में अब तक हुए शिविर में ज्यादातर मांगे ही आ रही है। शिकायते काफी कम है। इनमें ज्यादातर पीएम आवास योजना, भूमिहीन मजदूर न्याय सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग प्रमुख है। इसके अतिरिक्त शासकीय दस्तावेज, निर्माण की मांग आ रही है। मांगो के अनुरुप पात्रता की जानकारी लेकर तत्काल आवेदन भराकर जनता को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर के दौरान कुछ शिकायते भी मिली है जिनमें पानी व अन्य बुनियादी समस्याएं है जिनमें सुधार हेतु तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जिले में 23 शिविरों का आयोजन होना है। सरकार के मंशानुरुप प्रशासन जनता तक पहुंच रही है।
तत्काल बनाए जा रहे आय, जाति, निवास, आधार, आयुषमान जैसे दस्तावेज
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि शिविर में ऐसी मांगे हो स्थानीय स्तर पर पूरी हो सके उन पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। शिविर के दौरान योजनाओं के लाभ दिलाने के अतिरिक्त आय, जाति, निवास, आधार, आयुषमान जैसे दस्तावेज तत्काल बनाए जा रहे। साथ ही जिन आवेदकों को योजनाओं का लाभ मिलने में दिक्कत आ रही है उन्हें आवश्यक दस्तावेज पूर्ण करने मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।
अधिकांश शिविरो में स्वयं मौजूद रहते है कलेक्टर
बता दे कि जिले में आयोजित होने वाले जन समस्या निवारण शिविर में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा स्वयं शामिल होकर आमजनता की शिकायतो व मांगो को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के शासन के उद्देश्य को सार्थक कर रहे है. इसके अतिरिक्त प्रत्येक शिविर के पश्चात मांगो, शिकायतो व उनके निराकरण की सम्पूर्ण मॉनीटरिंग कलेक्टर स्वयं करते है। जिससे जिले में सुशासन तिहार के माध्यम से शासन प्रशासन आम जनता के द्वार तक पहुंचने में सफल हो रही है। कलेक्टर द्वारा सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाते हुए नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया गया है।
शिविरों के माध्यम से आमजन तक पहुंच रहा लाभ
सुशासन तिहार के अंतर्गत विभिन्न जनहितकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ शिविरों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। जिनमें प्रमुख रुप से आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों का त्वरित निराकरण, किसान पुस्तिका एवं स्वामित्व कार्ड का वितरण। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करना, जैसे उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन। आधार कार्ड का नवीन पंजीयन, सुधार, केवाईसी अपडेट एवं बैंक-आधार सीडिंग। युवाओं हेतु लर्निंग लाइसेंस जारी करना। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं के लंबित प्रकरणों का निराकरण एवं पूर्ण आवास हितग्राहियों का सम्मान। स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन, मेडिकल किट वितरण, एनीमिया जांच एवं टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान करना। पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, स्प्रिंकलर/स्पेयर पंप एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण। गर्भवती महिलाओं हेतु गोदभराई कार्यक्रम, पोषण किट वितरण एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार। पेयजल, हैंडपंप सुधार, घरेलू विद्युत कनेक्शन, सौर ऊर्जा कनेक्शन सहित स्थानीय समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

