रुद्री रोड फोरलेन के आश्वासन के बाद रहवासी दहशत में
सभी को रोजगार छिन जाने का सता रहा डर

धमतरी रविवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के तहत धमतरी पहुंचे थे। इस दौरान महापौर और विधायक की मांग पर उन्होंने अंबेडकर चौक से रुद्री रोड तक फोरलेन बनाने का आश्वासन दिया है। जैसे ही यह बात सामने आई फोरलेन की जद में आने वाले गोकुलपुर और महात्मा गांधी वार्ड रुद्री रोड निवासी दहशत में आ गए हैं। पहले दिन उनकी रात आंखों आंखों में ही कटी। दूसरे दिन सोमवार को लक्ष्मी निवास चौक रेस्टोरेंट में शाम को बैठक आयोजित की गई। जिसमें इस संबंध में विभिन्न निर्णय लिए गए। बैठक में मौजूद लोगों का कहना था कि एक तरफ सरकार लोगों को रोजगार देने की बात करती है दूसरी तरफ इस फोरलेन की वजह से लोगों का रोजगार छिन जाएगा। विशेष कर भटगांव चौक से कर्मा चौक तक रहने वाले लोगों के घर उजड़ जाएंगे। कई लोगों का घर तो रहने लायक भी नहीं बचेगा।ज्यादातर सभी घरों में सामने दुकान में व्यवसाय होता है, जिनसे उनका जीविकोपार्जन होता है। यदि फोरलेन किया गया तो दुकान पूरी तरह से टूट जाएंगे और उनकी रोजी-रोटी भी छिन जाएगी। इसी को लेकर के सभी सशंकित हैं।सभी का कहना था कि जिस सदर में आए दिन कुछ ही घंटे में यातायात जाम होता है उस तरफ कोई ध्यान नहीं देता है। जबकि रुद्री रोड में वर्तमान में महापौर की पहल पर अमलतास के सामने से पॉलिटेक्निक तक नहर किनारे सड़क बनाने की घोषणा हो गई है। जिससे ट्रैफिक डाइवर्ट हो जाएगा और यहां पर दबाव कम हो जाएगा। वह सभी चौड़ीकरण का विरोध नहीं करते हैं लेकिन जहां पर रहवासी हैं वहां पर सकरा किया जा सकता है। इससे दोनों काम हो जाएगा। बहुत जल्द इस संबंध में कलेक्टर से मिलकर उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराएंगे। बैठक में मुख्य रूप से दीपक दुबे, विजय पुरी गोस्वामी, बाबूलाल यदु, किशोर कुमार वाही, प्रशांत जाधव, उत्तम साहू, रामकुंवर साहू, मुकेश वर्मा, भीखम लाल साहू, अजय मिनपाल, डॉ भूपेंद्र साहू, हेमंत, महेश कुमार नरवानी,राजा भोजवानी आदि मौजूद थे।

