वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण शिविर आयोजित, 147 हितग्राही पाए गए पात्र

धमतरी- कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग, धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में आज जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केन्द्र, धमतरी में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु पंजीयन, चिन्हांकन एवं मापन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद हितग्राहियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके जीवन को अधिक सुगम बनाना था।शिविर का संचालन भारत सरकार के मिनीरत्न उपक्रम भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा किया गया। इस दौरान जनपद पंचायत धमतरी, कुरूद, नगर पालिक निगम धमतरी, नगरपालिका परिषद कुरूद, नगर पंचायत आमदी एवं भखारा क्षेत्र से बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन शामिल हुए।विशेषज्ञों द्वारा हितग्राहियों का परीक्षण, चिन्हांकन एवं मापन किए जाने के उपरांत कुल 147 हितग्राहियों को विभिन्न प्रकार के कृत्रिम अंगों एवं सहायक उपकरणों के लिए पात्र पाया गया। पात्र हितग्राहियों को आगामी दिनों में निःशुल्क उपकरणों का वितरण किया जाएगा। वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा शिविर के दौरान 16 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड भी बनाए गए।
नशामुक्त समाज निर्माण का दिलाया संकल्प
शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक डॉ. मनीषा पांडेय ने उपस्थित सभी लोगों को जीवनभर नशामुक्त रहने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं तथा दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एलिम्को की तकनीकी टीम तथा बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।
