घर में घुसकर महिला एवं उसके परिवार पर हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने किया तत्काल गिरफ्तार
गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी एवं तोड़फोड़ की घटना में अर्जुनी पुलिस की त्वरित कार्यवाही

घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमाण्ड पर जेल
पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने हेतु लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी एवं तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा है।
प्रकरण के अनुसार प्रार्थिया श्रीमती प्रीति साहू पति मनोज साहू, 34 वर्ष, निवासी ग्राम सेहराडाबरी, थाना अर्जुनी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 23 जून की रात्रि लगभग 9 बजे आरोपी उमेश साहू उसके घर वाहन मांगने आया था। वाहन देने से मना करने पर आरोपी नाराज होकर वापस चला गया।
इसके पश्चात 23 जून की मध्यरात्रि लगभग 12 बजे आरोपी देवेंद्र साहू, उमेश साहू उर्फ छोटू एवं प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस एक राय होकर प्रार्थिया के घर में जबरन घुस गए तथा अश्लील गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को आतंकित करने लगे। आरोपियों ने प्रार्थिया, उसके पति मनोज साहू एवं पुत्री नीलिमा साहू के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। आरोपी उमेश साहू ने लकड़ी के डंडे से प्रहार कर मनोज साहू एवं नीलिमा साहू को चोट पहुंचाई।
आरोपियों ने अपने उग्र एवं आक्रामक व्यवहार के दौरान घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सी एवं मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना से परिवार में भय एवं दहशत का माहौल निर्मित हो गया।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर तत्काल थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 77/2026 धारा 296, 115(2), 331(6), 351(3), 324(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अर्जुनी पुलिस ने तत्काल जांच प्रारंभ कर साक्ष्य संकलित किए। विवेचना के दौरान आरोपियों की संलिप्तता प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी देवेंद्र साहू पिता जगेसर साहू 22 वर्ष, उमेश साहू उर्फ छोटू पिता लखीराम साहू 22 वर्ष एवं प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस पिता कुंजन मांडवी 18 वर्ष, सभी निवासी ग्राम सेहराडाबरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
