आमापारा वार्ड में बेहतर जल निकासी व सफाई व्यवस्था हेतु लगातार प्रयासरत हैँ लोक निर्माण विभाग अध्यक्ष विजय मोटवानी व स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष निलेश लुनिया
बारिश के मौसम में जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने निगम लगातार कार्य कर रही हैँ-मोटवानी

नालियों में कचरा न डालें और स्वच्छ धमतरी बनाने में नगर निगम का सहयोग करें-लुनिया
धमतरी। बारिश के मौसम को देखते हुए आमापारा वार्ड में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से आमापारा वार्ड के पार्षद एवं नगर निगम पीडब्ल्यूडी विभाग के सभापति विजय मोटवानी तथा स्वास्थ्य विभाग के सभापति निलेश लूनिया लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने ठेकेदारों एवं संबंधित कर्मचारियों के साथ बालक चौक क्षेत्र का निरीक्षण कर नालियों की सफाई, पानी की सुचारु निकासी तथा स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां-जहां नालियां अवरुद्ध हैं, वहां तत्काल सफाई कराई जाए ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विजय मोटवानी ने कहा कि नगरवासियों की सुविधा उनकी प्राथमिकता है। बारिश के मौसम में जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निगम लगातार कार्य कर रहा है और आवश्यक स्थानों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
स्वास्थ्य सभापति निलेश लूनिया ने कहा कि स्वच्छता एवं जल निकासी एक-दूसरे से जुड़े विषय हैं। समय पर नालियों की सफाई होने से जलभराव के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों की आशंका भी कम होती है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि नालियों में कचरा न डालें और स्वच्छ धमतरी बनाने में नगर निगम का सहयोग करें।क्षेत्रवासियों ने भी दोनों जनप्रतिनिधियों की सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इस अभियान से आमापारा वार्ड में जलभराव और गंदगी की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण मिलेगा।