दादा गुरुदेव श्री जिनदत्त सूरी की 872वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धा और भक्ति के साथ हुई विशेष पूजा

धमतरी। जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ धमतरी एवं श्री चातुर्मास व्यवस्था समिति के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को दादा गुरुदेव श्री जिनदत्त सूरी की 872वीं पुण्यतिथि श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। यह आयोजन कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका प्रवर्तिनी महोदया परम पूज्य निपुणा श्री जी म.सा. की सुशिष्या, संघ स्नेह वारिधि प्रवचन प्रवीणा परम पूज्य स्नेहयशा श्री जी म.सा. की सुशिष्या तथा परम पूज्य रत्ननिधि श्री जी म.सा. आदि ठाणा-4 की पावन निश्रा में संपन्न हुआ। सुबह 9 बजे से प्रारंभ हुए कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने दादा गुरुदेव के चित्र एवं चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित कर विधि-विधान से पूजा की और धर्म आराधना में भाग लिया। पूजा के दौरान दादा गुरुदेव के त्याग, तप, संयम, अहिंसा और धर्म प्रचार के अद्वितीय योगदान का स्मरण किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि दादा गुरुदेव का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्श आज भी समाज को सत्य, अहिंसा, करुणा और आत्मकल्याण का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से भी धार्मिक संस्कारों को अपनाने और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवारों ने सहभागिता कर पूजा-अर्चना की तथा विश्व शांति, सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मानव कल्याण की मंगलकामना की।