Uncategorized
दो माह का वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में रोष, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

धमतरी। नवयुक्त अधिकारी, कर्मचारी कल्याण संघ छत्तीसगढ़ ने निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि 5 अगस्त तक कर्मचारियों को जून और जुलाई माह का वेतन प्राप्त नहीं हुआ है। वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों को बच्चों की स्कूल फीस, मेडिकल खर्च, बैंक ऋण की किस्तों तथा दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आगामी दिनों में हरेली और रक्षाबंधन जैसे त्योहार होने से कर्मचारियों को वेतन की अत्यधिक आवश्यकता है। संघ ने कहा कि समय पर वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। इसलिए निगम प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि जून और जुलाई माह का लंबित वेतन तथा लगभग 8 माह से लंबित डीए एरियर्स की राशि का भी शीघ्र भुगतान किया जाए।
