अहिवार समाज ने महापौर रामू रोहरा से की मुलाकात, महिला सत्संग भवन में बाउंड्रीवाल एवं संत रविदास जी की प्रतिमा स्थापित करने की रखी मांग

धमतरी- अहिवार समाज धमतरी के समाजजनों ने आज महापौर रामू रोहरा से मुलाकात कर समाजहित एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। समाजजनों ने धमतरी के सुभाष नगर वार्ड स्थित कांटा तालाब के समीप महिला सत्संग भवन में बाउंड्रीवाल निर्माण कराए जाने की मांग महापौर के समक्ष रखी।
इसके साथ ही समाजजनों ने धमतरी शहर के किसी प्रमुख चौक-चौराहे पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की प्रतिमा स्थापित कर उक्त चौक का नामकरण संत रविदास जी के नाम पर किए जाने का आग्रह भी किया।
समाजजनों ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने समाज को समरसता, समानता, सद्भाव, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनकी प्रतिमा की स्थापना से आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों एवं विचारों से प्रेरणा मिलेगी तथा सामाजिक समरसता को और मजबूती मिलेगी।
महापौर रामू रोहरा ने समाजजनों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्यवाही एवं नियमानुसार प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नगर निगम निरंतर सकारात्मक प्रयास करता रहेगा।इस अवसर पर अहिवार समाज धमतरी के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
