जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर रहा नवकार महिला मंडल:सदस्य के जन्मदिन एवं तपस्या के उपलक्ष्य में 300 नए कपड़ों का वितरण, शिक्षा व जरूरत के सामान कराए उपलब्ध

धमतरी। नवकार महिला मंडल द्वारा सेवा और सामाजिक सरोकार की दिशा में एक और सराहनीय पहल की गई। मंडल की सदस्य के जन्मदिन एवं तपस्या के उपलक्ष्य में सियादेवी एवं हटकेश्वर स्कूल, शासकीय प्राथमिक शाला, आंगनबाड़ी एवं मिडिल स्कूल के बच्चों को करीब 300 नए कपड़ों का वितरण किया गया।
मंडल की सदस्यों ने बताया कि समाज में कई ऐसे जरूरतमंद परिवार हैं, जो आर्थिक एवं सामान्य परिस्थितियों के कारण अपने बच्चों की फीस सहित पढ़ाई से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में असमर्थ होते हैं। ऐसे बच्चों की मदद के उद्देश्य से मंडल द्वारा उनकी फीस, कॉपी-किताब, पानी की बोतल, गमछा सहित अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया जाता है।
इसके अलावा जरूरतमंद कन्याओं के विवाह के अवसर पर विवाह सामग्री एवं आवश्यक घरेलू सामान भी मंडल द्वारा प्रदान किया जाता है। मंडल का उद्देश्य केवल सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनना और समाज में सेवा की भावना को मजबूत करना है।
मंडल की सदस्यों ने कहा कि जन्मदिन और अन्य खुशियों के अवसरों को जरूरतमंदों के साथ साझा करने से खुशी कई गुना बढ़ जाती है। इसी भावना के साथ मंडल की सदस्याएं समय-समय पर स्कूलों, आंगनबाड़ियों और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर सेवा कार्य करती हैं।
इस अवसर पर नवकार महिला मंडल की सभी सदस्याएं उपस्थित रहीं और बच्चों के बीच सामग्री का वितरण कर उनके साथ खुशियां साझा कीं। मंडल की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
