हर घर तिरंगा अभियान के तहत जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने स्कूली बच्चों को तिरंगा झंडा वितरित कर अभियान की शुरुआत की

धमतरी। देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत धमतरी में तिरंगा वितरण एवं जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर नगर निगम धमतरी के जल विभाग सभापति एवं पार्षद अखिलेश सोनकर ने स्कूली बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें तिरंगा झंडा वितरित किया और अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान स्कूली बच्चों में राष्ट्रध्वज के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ अभियान में सहभागिता की। इस अवसर पर अखिलेश सोनकर ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह भारत की एकता, अखंडता, गौरव और वीरता का प्रतीक है। हर भारतीय के मन में तिरंगे के प्रति सम्मान और देश के प्रति समर्पण की भावना होना चाहिए।
जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है। आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं, तो इसके पीछे उन महान देशभक्तों का बलिदान है। इसलिए तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने स्कूली बच्चों से आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ें तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे सम्मान और गर्व के साथ राष्ट्रध्वज फहराएं।
