विधायक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन में परिषद के निर्णय से निर्मलकर समाज के शिरोमणि संत गाडगे बाबा जी महाराज के नाम पर हुआ चौक का नामकरण
महापुरुषों के नाम पर चौक-चौराहों का नामकरण नई पीढ़ी को उनके जीवन, संघर्ष और समाजसेवा से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है- ज्योति जैन

भखारा। नगर पंचायत भखारा-भठेली क्षेत्र में विभिन्न चौक-चौराहों का नामकरण महापुरुषों के नाम पर किए जाने की पहल के तहत बायपास चौक का नामकरण निर्मलकर समाज के शिरोमणि संत गाडगे बाबा जी महाराज के नाम पर किया गया। इसी कड़ी में संत गाडगे बाबा चौक के भूमि पूजन एवं नामकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तथा इस आशय का नामकरण बोर्ड भी स्थापित किया गया।
विधायक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन में नगर पंचायत परिषद की बैठक में नगर क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों का महापुरुषों के नाम पर नामकरण करने का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय के तहत बायपास चौक का नाम संत गाडगे बाबा जी महाराज के नाम पर रखा गया। चौक का नामकरण होने से निर्मलकर समाज में विशेष प्रसन्नता एवं उत्साह का वातावरण है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति जैन ने कहा कि महापुरुषों के नाम पर चौक-चौराहों का नामकरण नई पीढ़ी को उनके जीवन, संघर्ष और समाजसेवा से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। संत गाडगे बाबा जी महाराज ने स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नाम पर चौक का नामकरण होना नगर के लिए गौरव की बात है।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू ने कहा कि संत गाडगे बाबा जी महाराज ने समाज में स्वच्छता, शिक्षा, सेवा और सामाजिक जागरूकता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके नाम पर चौक का नामकरण होना न केवल निर्मलकर समाज बल्कि पूरे नगर के लिए गौरव की बात है।
निर्मलकर समाज के प्रमुख किसुन, शंकर, महेन्द्र, केदरू, छबिलाल, कुबेर आदि एवं अन्य समाजजनों ने चौक का नाम संत गाडगे बाबा जी महाराज के नाम पर किए जाने पर विधायक,नगर पंचायत अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समाज प्रमुखों ने कहा कि संत गाडगे बाबा जी महाराज हमारे समाज के शिरोमणि और प्रेरणास्रोत है।यह चौक आने वाली पीढ़ियों को संत गाडगे बाबा जी के सेवा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के संदेश की याद दिलाता रहेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति जैन, उपाध्यक्ष विष्णु साहू, पूर्व नगर अध्यक्ष पुष्पलता देवांगन, रामगोपाल देवांगन, पार्षद अविनाश गौर, भूपेंद्र यादव, संतोष साहू, किशोर गौर छबिलाल निर्मलकर, हितेंद्र साहू एवं हेमलता साहू, सीएमओ हरिकिशन पवारिया सहित निर्मलकर समाज के प्रमुख किसुन, शंकर, महेन्द्र, दशेलाल, केदारनाथ, अनिल, तुला एवं शैलेन्द्र तथा समाज के अन्य सदस्य एवं नागरिकगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
