Uncategorized

सरकार अवसर और संसाधन उपलब्ध करा सकती है, सफलता के लिए युवाओं को स्वयं करनी होगी मेहनत- सांसद रूपकुमारी चौधरी

‘विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत’ में युवाओं की भूमिका पर हुआ संवाद, उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं का सम्मान

धमतरी- छत्तीसगढ़ के युवाओं में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से गुरुवार को हरदिहा साहू समाज भवन, धमतरी में ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में युवाओं के साथ ‘विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत में युवाओं की भूमिका’, कौशल विकास, रोजगार, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारियों सहित विभिन्न विषयों पर संवाद किया गया। युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाते हुए अपने ज्ञान, कौशल और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण में लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि आज युवाओं के सामने आगे बढ़ने के लिए पहले की अपेक्षा कहीं अधिक अवसर और संसाधन उपलब्ध हैं। सरकार कौशल प्रशिक्षण, रोजगार, शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्र में अवसर उपलब्ध करा सकती है, लेकिन इन अवसरों को सफलता में बदलने के लिए युवाओं को स्वयं मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं के साथ निरंतर संवाद करते हैं और ‘परीक्षा पर चर्चा’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उनका मनोबल बढ़ाने तथा उन्हें सकारात्मक दिशा देने का प्रयास करते हैं।
सांसद श्रीमती चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय इंटरनेट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का दौर है। युवाओं तक बड़ी मात्रा में सूचनाएं पहुंच रही हैं। ऐसे में सूचना और तथ्य में अंतर समझना जरूरी है। किसी भी खबर या जानकारी को साझा अथवा उस पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी सत्यता की जांच की जानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा नकारात्मक गतिविधियों में व्यर्थ न करने तथा समाज और राष्ट्र के हित में रचनात्मक कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति से जुड़ी जीवनशैली से है। नदियों, पहाड़ों, जंगलों और पेड़-पौधों के प्रति यहां सदियों से आस्था और संवेदनशीलता रही है। युवाओं को अपनी संस्कृति और विरासत पर गर्व करते हुए आधुनिक ज्ञान और तकनीक को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक है और छत्तीसगढ़ के युवा अपनी प्रतिभा एवं परिश्रम से प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।

युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत : विश्व विजय तोमर

छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय तोमर ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने में देश के युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा, सामर्थ्य, प्रतिभा और ज्ञान को सकारात्मक दिशा में लगाते हुए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए।
श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस विकास यात्रा को गति देने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से परिवार, समाज, प्रदेश और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा भारतीय संस्कृति और मूल्यों पर गर्व करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

युवा शक्ति को अवसरों से जोड़ना जरूरी : महापौर रामू रोहरा

महापौर नगर निगम धमतरी रामू रोहरा ने कहा कि युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही अवसर, उचित मार्गदर्शन और अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ कौशल विकास, तकनीकी ज्ञान, नवाचार, खेल और स्वरोजगार के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ना चाहिए। आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बन सकता है।
महापौर श्री रोहरा ने कहा कि धमतरी जिले के युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, स्टार्टअप, सामाजिक सेवा, खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने युवाओं से असफलताओं से निराश न होकर उन्हें सीखने का अवसर मानने तथा निरंतर प्रयास करते रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा जब अपने व्यक्तिगत विकास को समाज की प्रगति से जोड़ता है, तभी उसकी सफलता का व्यापक प्रभाव दिखाई देता है। उन्होंने युवाओं से स्वच्छ, स्वस्थ, नशामुक्त और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का भी आह्वान किया।

‘विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत’ पर हुआ संवाद

‘युवा उड़ान 2026’ में ‘विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत में युवाओं की भूमिका’ सहित विभिन्न विषयों पर युवाओं के साथ संवाद किया गया। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित योजनाओं, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार से संबंधित प्रयासों की जानकारी साझा की गई। युवाओं को अपनी बात रखने और सुझाव देने के लिए विशेष अवसर दिया गया। युवाओं ने सुझाव पत्र के माध्यम से अपनी अपेक्षाएं, विचार और क्षेत्र से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में युवा स्टार सेवा समिति, खरथुली के श्री संकेत साहू ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी साझा की। वहीं जिला प्रशासन द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित कार्यक्रम से लाभान्वित छात्रा ज्योति साहू ने महाविद्यालय स्तर पर इस पहल को और विस्तार देने का सुझाव रखा। इस पर महापौर श्री रामू रोहरा ने संबंधित आवेदन प्रस्तुत करने की बात कही।

युवा प्रेरणास्रोतों का किया सम्मान

कार्यक्रम में युवाओं के भविष्य को संवारने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जिले के श्री जीवन निषाद, श्री लोकेश साहू, श्री पीताम्बर नंदेवर, श्री उमराव साहू और श्री आकाश सिन्हा को अतिथियों द्वारा शाल एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए अन्य युवाओं को भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा , पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देव, एसडीएम पीयूष तिवारी सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!