Uncategorized

गंगरेल से पानी छोड़े जाने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर चार गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित, शहर में भी परेशान रहे उपभोक्ता

महानदी किनारे जलभराव का खतरा, हालात सामान्य होने पर बहाल होगी सप्लाई

धमतरी। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी का जलस्तर बढऩे से प्रशासन और विद्युत विभाग ने एहतियात के तौर पर नदी किनारे बसे चार गांवों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी है। जलभराव और करंट जैसी दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यह कदम उठाया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्थिति सामान्य होते ही बिजली आपूर्ति फिर से शुरू कर दी जाएगी। विद्युत विभाग के अनुसार महानदी के तटीय क्षेत्र में जलभराव की आशंका को देखते हुए खरेंगा, कोलियारी, दरगाहन और भरारी गांवों में विभिन्न स्तर पर बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। बता दे कि खरेंगा में दो ट्रांसफार्मर प्रभावित होने से बिजली आपूर्ति बंद की गई है। कोलियारी में गांव की एलटी लाइन बंद कर दी गई है, जिससे करीब 25 उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं। दरगाहन गांव के पांच ट्रांसफार्मर बंद किए गए हैं, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति प्रभावित है। भरारी में सभी पंप लाइन से जुड़े ट्रांसफार्मर प्रभावित हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि बस्ती का ट्रांसफार्मर चालू रखा गया है, जिससे आबादी वाले हिस्से में आवश्यक बिजली उपलब्ध है। वहीं पिछले दो दिनों से शहर में भी उपभोक्ता बिजली की बदहाल व्यवस्था से परेशान रहे। दिन में कई बार लाईट बंद चालू होती रही। जिससे पानी सप्लाई व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
सुरक्षा को दी गई प्राथमिकता
विद्युत विभाग ने बताया कि जलभराव वाले क्षेत्रों में बिजली चालू रहने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए एहतियाती तौर पर आपूर्ति रोकी गई है। विभाग की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और जलस्तर कम होने के बाद लाइन एवं ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण कर चरणबद्ध तरीके से बिजली बहाल की जाएगी।
प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने महानदी किनारे रहने वाले लोगों से जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने, बिजली के खंभों और टूटे तारों से दूरी बनाए रखने तथा किसी भी विद्युत संबंधी समस्या की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है। फिलहाल विभाग और प्रशासन संयुक्त रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!