बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने पहुंची एसडीआरएफ
बहते पानी के बीच मौके पर उतरे एसडीएम नभ सिंह कोसले

कुरुद। प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए तहसीलदार कुरूद के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम रायपुर से एसडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंची। वहीं ग्राम सलोनी में बाढ़ से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उनके भोजन की व्यवस्था भी राजस्व अमले और पटवारियों की टीम द्वारा की गई। कुरूद अनुविभाग में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलस्तर बढऩे और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में कुरूद एस डी एम नभ सिंह कोसले स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते नजर आए। प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर उतरकर उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की और प्रभावित लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए राजस्व विभाग की टीम लगातार प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है। लोगों को जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्क किया जा रहा है।
महानदी, पैरी और खारून के बढ़ते जलस्तर पर नजर
कुरूद अनुविभाग का बड़ा हिस्सा महानदी, पैरी और खारून नदी तंत्र से जुड़ा है। भारी बारिश के दौरान इन नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी से नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ और जलभराव का खतरा बढ़ जाता है। गंगरेल जलाशय के गेट खुलने की स्थिति में महानदी के आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ती है। इसी को देखते हुए प्रशासन द्वारा प्रभावित और संभावित संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। राजस्व, पंचायत और अन्य संबंधित अमले को आवश्यक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार रखा गया है।
