Uncategorized

वोट चोरी का आरोप लगाकर कांग्रेस कर रही भ्रम फैलाने की राजनीति : चेतन हिंदूजा

भाजपा जिला कोषाध्यक्ष ने कहा, संवैधानिक संस्था पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस दे ठोस प्रमाण, लोकतंत्र को बदनाम करना करे बंद


धमतरी। कांग्रेस द्वारा कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर किए गए प्रदर्शन पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा जिला कोषाध्यक्ष चेतन हिंदूजा ने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कांग्रेस के पास यदि मतदाता सूची या चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के संबंध में कोई ठोस प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक करने के साथ संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत करना चाहिए। केवल पुतला फूंकने, नारेबाजी करने और कलेक्ट्रेट का घेराव करने से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर लगाए गए आरोप साबित नहीं हो जाते। चेतन हिंदूजा ने कहा कि निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के लिए तथ्यों और प्रमाणों के साथ बात रखी जानी चाहिए। कांग्रेस द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त की गिरफ्तारी की मांग करना राजनीतिक विरोध का हिस्सा हो सकता है, लेकिन गंभीर आरोपों को प्रमाणित करने की जिम्मेदारी भी आरोप लगाने वालों की है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कोई नई प्रक्रिया नहीं है। मतदाताओं के नामों का सत्यापन, पात्र और अपात्र नामों की जांच तथा सूची को अद्यतन करना निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा है। देशभर में इसी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के बीच मतभेद सामने आए हैं। कांग्रेस ने इसे लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि निर्वाचन आयोग ने अपनी प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप बताया है। जनता के बीच तथ्य रखने के बजाय कांग्रेस भय और भ्रम का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पुतले जलाने से कांग्रेस की समस्या का समाधान नहीं होगा। लोकतंत्र में असहमति और विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं के प्रति मर्यादा भी बनाए रखना जरूरी है। भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में विश्वास करती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!