सेवा संकल्प अभियान के तहत रुद्री में योग एवं ध्यान कार्यक्रम आयोजित
निरोगी जीवन, मानसिक शांति और स्वस्थ समाज के लिए योग को दिनचर्या में शामिल करने का संदेश

धमतरी- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर खेल मैदान, रुद्री में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त सहयोग से योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति स्वास्थ्य समिति श्रीमती मोनिका देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती अनीता देवांगन तथा सरपंच श्रीमती लक्ष्मी बया, रूद्री सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को योग एवं ध्यान के विभिन्न अभ्यास कराए गए। योग विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित योगाभ्यास के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही प्राणायाम, ध्यान एवं सरल योगासनों के माध्यम से तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा शरीर को स्वस्थ एवं सक्रिय रखने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती मोनिका देवांगन ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग और ध्यान अत्यंत उपयोगी हैं। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति अपने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन को भी बेहतर बनाए रख सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से योग को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास और ध्यान में सहभागिता की। वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा और सामूहिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देखने को मिला। आयुष विभाग द्वारा योग, प्राकृतिक जीवनशैली एवं स्वास्थ्य संरक्षण से संबंधित उपयोगी जानकारी भी दी गई।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में जनभागीदारी के साथ स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक जागरूकता और लोककल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में योग एवं ध्यान जैसे कार्यक्रम नागरिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने तथा निरोगी समाज के निर्माण में सहभागिता के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
