सड़क के बाद अब जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने महापौर रामू रोहरा की पहल, 15 करोड़ की स्वीकृति
फोरलेन से पहले पाइपलाइन शिफ्टिंग की तैयारी, जल व्यवस्था को मिलेगा नया आधार

धमतरी। महापौर रामू रोहरा की विकासपरक सोच और दूरदर्शी पहल से शहर में सड़क विकास के साथ अब जलापूर्ति व्यवस्था को भी व्यवस्थित एवं मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शहर में प्रस्तावित प्रमुख फोरलेन सड़कों के निर्माण से पहले पाइपलाइन को व्यवस्थित ढंग से शिफ्ट करने तथा पानी टंकी निर्माण के लिए कुल 15 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। इससे एक ओर फोरलेन सड़क निर्माण कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ सकेगा, वहीं दूसरी ओर शहर की जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित नहीं होगी।
महापौर रामू रोहरा ने बताया कि शहर में तीन प्रमुख मार्गों पर फोरलेन सड़क निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ रहा है। ऐसे में सड़क निर्माण के दौरान पुरानी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने अथवा जलापूर्ति बाधित होने की समस्या न आए, इसके लिए निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पहले ही पाइपलाइन को सुव्यवस्थित ढंग से सड़क किनारे शिफ्ट किया जाएगा।उन्होंने बताया कि सिहावा चौक से नहर नाका चौक, छत्रपति शिवाजी चौक से गोपाला अस्पताल तथा आंबेडकर चौक से कर्मा चौक तक पाइपलाइन शिफ्टिंग के लिए 11 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। इसके साथ ही शहर की जलापूर्ति क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से पानी टंकी निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
महापौर ने कहा कि शहर के विकास में सड़क और पानी दोनों ही महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधाएं हैं। फोरलेन सड़कों का निर्माण शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, लेकिन इसके साथ यह भी जरूरी है कि निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े। इसी सोच के साथ पहले से पाइपलाइन शिफ्टिंग की योजना तैयार कर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास का मतलब केवल सड़क बनाना नहीं, बल्कि सड़क के साथ उससे जुड़ी सभी मूलभूत सुविधाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना है। पाइपलाइन शिफ्टिंग और नई पानी टंकी के निर्माण से शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को दीर्घकालीन मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में शहर में सड़क, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। महापौर ने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,उपमुख्यमंत्री अरूण साव,प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रति आभार प्रकट किया है।
