Uncategorized

सभापति कौशिल्या देवांगन ने मितानिनों का किया सम्मान, गर्भवती महिलाओं को वितरित किया पोषण आहार

सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत सोरिद वार्ड में हुआ आंगन मिलन कार्यक्रम

धमतरी- सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र में जनकल्याण एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोरिद वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम की सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान सभापति कौशिल्या देवांगन ने आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा महिलाओं, बच्चों और क्षेत्र के नागरिकों से संवाद कर आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को विशेष प्राथमिकता देते हुए उन्हें पोषण आहार का वितरण किया और नियमित रूप से पौष्टिक आहार लेने के साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं मितानिन बहनों का सम्मान भी किया गया। सभापति ने मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण तथा स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में मितानिनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे घर-घर पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही हैं।
सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं का लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी जरूरतों को समझना और उसे आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और मातृ स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, महिलाएं एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!