सभापति कौशिल्या देवांगन ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का किया निरीक्षण, हितग्राहियों से किया संवाद
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जन समस्या निवारण शिविर आयोजित

धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और निगम की विभिन्न सेवाओं का लाभ सहज एवं सरल रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन इंडोर स्टेडियम, धमतरी में किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों एवं नगर निगम के विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर नगर निगम की सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभागवार प्राप्त आवेदनों, हितग्राहियों को दी जा रही सुविधाओं तथा मौके पर किए जा रहे निराकरण की जानकारी ली। सभापति ने शिविर में पहुंचे नागरिकों एवं हितग्राहियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनका यथासंभव मौके पर निराकरण किया जा रहा है तथा जिन प्रकरणों में विभागीय प्रक्रिया आवश्यक है, उन्हें संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
शिविर में नागरिकों ने शासन की विभिन्न योजनाओं, राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता, नल कनेक्शन, विद्युत, कर संबंधी कार्यों सहित अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों के संबंध में जानकारी एवं सहायता प्राप्त की। अधिकारियों ने हितग्राहियों को पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी अवगत कराया।
