सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को धमतरी में निकलेगी भव्य सेवा ज्योति यात्रा
पुरानी कृषि उपज मंडी से गांधी मैदान तक निकलेगी पदयात्रा एवं वाहन रैली, अजय चंद्राकर होंगे मुख्य वक्ता, केदार गुप्ता सहवक्ता
धमतरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर 25 वर्ष की जनसेवा पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत धमतरी जिले में सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 7 अक्टूबर 2026, बुधवार को पुरानी कृषि उपज मंडी, धमतरी में होगा। इसके पश्चात सेवा, संकल्प और राष्ट्रभक्ति का संदेश लेकर भव्य सेवा ज्योति यात्रा एवं पदयात्रा रैली निकाली जाएगी, जो गांधी मैदान तक पहुंचेगी।
कार्यक्रम में कुरूद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि राज्य सहकारी बैंक मर्यादित के अध्यक्ष केदार गुप्ता सहवक्ता के रूप में सभा को संबोधित करेंगे। आयोजन को लेकर भाजपा संगठन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं तथा जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की अपेक्षा है।
सुबह 9 बजे होगा कार्यकर्ताओं एवं वाहनों का एकत्रीकरण
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे पुरानी कृषि उपज मंडी धमतरी में जिले के समस्त कार्यकर्ताओं एवं वाहनों के एकत्रीकरण से होगी। इस अवसर पर “सेवा रंगोली” का भी अवलोकन किया जाएगा, जो सेवा संकल्प अभियान की भावना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जनसेवा के संकल्प को रचनात्मक रूप में प्रदर्शित करेगी।
जिले के विभिन्न मंडलों एवं बूथ स्तर से कार्यकर्ता अपने-अपने वाहनों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। वाहन रैली में उत्साह एवं अनुशासन के साथ सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
10 बजे प्रधानमंत्री मोदी जी के संदेश के साथ सेवा ज्योति प्रज्वलित होगी
प्रातः 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सेवा ज्योति यात्रा के प्रज्वलन एवं उद्बोधन का कार्यक्रम रहेगा। प्रधानमंत्री जी के सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संदेश के साथ धमतरी में भी सेवा ज्योति को आगे बढ़ाया जाएगा।
इसके बाद प्रातः 11 बजे राज्य से पधारे अतिथिगण द्वारा धमतरी जिले के ज्योति कलश का प्रज्वलन किया जाएगा तथा उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को संबोधित किया जाएगा। इसके पश्चात सेवा ज्योति को लेकर भव्य सेवा ज्योति यात्रा एवं पदयात्रा रैली निकाली जाएगी, जो गांधी मैदान तक जाएगी।
सेवा, संकल्प और राष्ट्रभक्ति का संदेश लेकर निकलेगी यात्रा
सेवा ज्योति यात्रा को केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि सेवा, संकल्प, राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का संदेश देने वाला अभियान बताया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित एवं जनसेवा के कार्यों को स्मरण करते हुए कार्यकर्ता इस यात्रा के माध्यम से सेवा भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लेंगे।
भाजपा संगठन ने जिले के सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की अपील की है। यात्रा में विभिन्न मंडलों, मोर्चों, प्रकोष्ठों एवं संगठन के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी।
वाहनों में भाजपा का झंडा लगाने एवं यातायात नियमों के पालन की अपील
आयोजकों ने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने वाहनों में भाजपा का झंडा लगाकर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है। साथ ही वाहन रैली के दौरान यातायात नियमों का पूर्ण पालन, अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखने की अपील की गई है, ताकि यात्रा व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हो।
कार्यकर्ताओं से आग्रह किया गया है कि वे उत्साह के साथ-साथ अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सेवा ज्योति यात्रा को धमतरी जिले के लिए एक यादगार आयोजन बनाएं।
इनके नेतृत्व में हो रहा आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस सेवा ज्योति यात्रा के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया है। जिला संयोजक सेवा संकल्प अभियान निरंजन सिन्हा अभियान के समग्र समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
वहीं भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित एवं राकेश साहू संगठनात्मक व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ठा. शशि पवार को सेवा ज्योति यात्रा का जिला संयोजक बनाया गया है, जबकि कमल डागा एवं भानु चंद्राकर सहसंयोजक के रूप में यात्रा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं में जुटे हैं।
भाजपा जिला संगठन ने जिले के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं राष्ट्रहित में विश्वास रखने वाले नागरिकों से 7 अक्टूबर को पुरानी कृषि उपज मंडी धमतरी पहुंचकर सेवा ज्योति यात्रा में सहभागिता करने का आग्रह किया है।
जानकारी जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू द्वारा दी गई।
