डायल 112 के आरक्षक ने कंट्रोल रूम में लगाई फांसी
रुद्री थाना के बाजू स्थित कंट्रोल रूम में हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी
धमतरी। रुद्री थाना क्षेत्र में डायल 112 में पदस्थ एक आरक्षक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आत्महत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार मृतक आरक्षक ओंकार सोनवानी नाइट ड्यूटी के लिए डायल 112 कंट्रोल रूम पहुंचा था। रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच उसने रुद्री थाना के बाजू स्थित कंट्रोल रूम में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक आरक्षक बंगोली, कुरूद का निवासी बताया जा रहा है। घटना की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

