Uncategorized

संजय की स्मृति में सोनवानी परिवार ने सार्थक स्कूल को भेंट किया वायरलेस माइक सेट

सार्थक स्कूल धमतरी के प्रथम प्रवेशी छात्र रहे स्वर्गीय संजय सोनवानी की स्मृति में सोनवानी परिवार ने सार्थक स्कूल पहुंचकर विशेष बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर परिवार की ओर से विद्यालय को वायरलेस माइक सेट भेंट किया गया, जिसका उपयोग बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रस्तुतियों एवं विभिन्न गतिविधियों में किया जाएगा।
संजय के पिता एवं सेवानिवृत्त प्रधानपाठक ग्राम छुही, जे.आर. सोनवानी ने कहा, सार्थक के बच्चों के बीच आकर हमेशा बेटे की यादें ताजा हो जाती हैं। इन बच्चों की मुस्कान और प्रतिभा में हमें उसकी झलक मिलती है। उसकी स्मृति में दिया गया यह छोटा-सा सहयोग हमारे लिए बहुत भावनात्मक है।
इस अवसर पर माता बसंती सोनवानी, बहन उषा, भाई डीकेश, भाभी चंद्रप्रभा तथा नन्हीं भतीजियां कनिका एवं शुभी उपस्थित थीं। परिवार ने सभी बच्चों को स्नेहपूर्वक स्वल्पाहार कराया। संजय के जन्मदिन के अवसर पर उनके छायाचित्र पर तिलक एवं दीप प्रज्वलित कर भावभीना स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में सार्थक के विशेष बच्चे कुलदीप बंजारे ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। कुलदीप को नृत्य करते देख संजय की मां एवं परिवारजन भावुक हो उठे। बहन उषा ने कहा, “संजय को भी नृत्य बहुत पसंद था। कुलदीप को नृत्य करते देखकर लगा जैसे भाई की यादें फिर हमारे सामने जीवंत हो गई हों।
भाई डीकेश ने कहा कि इन प्यारे बच्चों में उन्हें संजय की झलक दिखाई देती है। उन्होंने सार्थक स्कूल के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सार्थक स्कूल की सचिव स्नेहा राठौड़ ने सोनवानी परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह माइक सेट संस्था के लिए उपयोगी सहयोग होने के साथ-साथ परिवार के आत्मीय जुड़ाव का भावपूर्ण प्रतीक है।इस अवसर पर प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, देविका दीवान, कौशिल्या यादव, काजल रजक, सुनैना गोड़े, सविता शेख एवं शकुंतला सोनी उपस्थित थीं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!