छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान
9 से 30 अक्टूबर तक मतदान केन्द्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों में लगेंगे विशेष शिविर
धमतरी- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा नए पात्र युवा एवं पहली बार मतदान के लिए पात्र बने नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीयन से वंचित न रहे और सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान का लाभ उठाते हुए अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूर्ण करें। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी द्वारा घर-घर भ्रमण के साथ-साथ विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
9 से 11 अक्टूबर तक मतदान केन्द्रों में शिविर
तत्कालिक व्यवस्था के तहत 9 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक जिले के सभी मतदान केन्द्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बीएलओ द्वारा पात्र नागरिकों से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
12 से 16 अक्टूबर तक स्कूलों में विशेष शिविर
इसके बाद 12 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक संबंधित क्षेत्र के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा विशेष शिविर आयोजित कर युवा एवं भावी मतदाताओं के पंजीयन के लिए आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
30 अक्टूबर तक नियमित विशेष शिविर
अभियान के अंतर्गत 30 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी द्वारा अपने मतदान केन्द्र में प्रत्येक सप्ताह बुधवार एवं गुरुवार को कार्यालयीन समय में विशेष शिविर लगाया जाएगा। वहीं शुक्रवार एवं शनिवार को संबंधित मतदान केन्द्र के अंतर्गत आने वाले पॉलिटेक्निक, आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल तथा समस्त उच्च शैक्षणिक संस्थानों में संस्थान के इलेक्ट्रोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से युवा एवं भावी मतदाताओं के पंजीयन के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
ECINET एवं वेबसाइट से भी कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के इच्छुक पात्र नागरिक ECINET मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि पात्र नागरिक स्वयं अपना पंजीयन सुनिश्चित करने के साथ-साथ अपने परिवार, आसपास के युवाओं एवं पहली बार पात्र बने मतदाताओं को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें। नागरिकों के सहयोग एवं सहभागिता से मतदाता सूची को अधिक समावेशी और अद्यतन बनाने में सहायता मिलेगी।