स्थानीय विकास तभी संभव है जब योजनाओं का सही क्रियान्वयन हो -अरुण सार्वा
जिला पंचायत सभाकक्ष में सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की बैठक सम्पन्न
प्रथम तिमाही की वित्तीय स्थिति की हुई समीक्षा


धमतरी। जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अरुण कुमार सार्वा अध्यक्ष जिला पंचायत धमतरी ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष गौकरण साहू, टीकाराम कंवर, अजय ध्रुव, श्रीमती मोनिका देवांगन, श्रीमती पूजा सिन्हा, श्रीमती मीना साहू, कुलेश्वरी गायकवाड़ एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव मुख्य रुप से उपस्थित थे। बैठक में प्रथम तिमाही 01 अप्रैल 2025 से 30 जून 2025 तक की स्थिति में विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त आबंटन, व्यय एवं प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिसमें पंचायत संचालनालय एवं विकास आयुक्त कार्यालय से प्राप्त आबंटन के आधार पर जिला योजना एवं अन्य स्रोतों से प्राप्त राशि का परिशीलन किया गया। विभिन्न योजनाओं में प्रशासनिक, विकासात्मक मदों के तहत प्राप्त निधियों का विश्लेषण करते हुए योजनाओं की उपयोगिता तथा प्रभावशीलता पर चर्चा की गई। वित्तीय प्रगति को लेकर सदस्यों ने आवश्यक निर्देश भी दिये। जिला पंचायत सामान्य प्रयोजन, ग्राम पंचायत सचिवों के वेतन-भत्ते, मुख्यमंत्री पंचायत सशक्तीकरण योजना, स्टाम्प शुल्क से जनपद पंचायत के वेतन-भत्ते, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, पंचायत पदाधिकारियों का मानदेय एवं अन्य सुविधाएं, पंचायत पदाधिकारियों का प्रशिक्षण, पंचायत पदाधिकारियों का सम्मेलन, श्रद्धांजली योजना, स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना, ज्ञानोदय वाचनालय, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ी पर्व सम्मान निधि, पंचायत निर्वाचन, मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना, छत्तीसगढ़ राज्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण, जिला पंचायत विकास निधि, जनपद पंचायत विकास निधि, ग्राम पंचायतों को मूलभूत कार्यों हेतु अनुदान, 15वें वित्त आयोग के तहत प्रशासनिक मद वेतन एवं अन्य व्यय, मुख्यमंत्री ग्रामीण यांत्रिकी विद्युतीकरण योजना, महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क इसके अतिरिक्त सांसद – विधायक आदर्श ग्राम योजना, महतारी सदन निर्माण योजना, गौण खनिज विभाग से स्वीकृत कार्य, स्कूल शिक्षा विभाग से स्वीकृत स्कूलों में राशि जारी करने तथा शाला भवन अहाता निर्माण योजना जैसे मदों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस समीक्षा बैठक में अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा ने कहा कि स्थानीय विकास तभी संभव है जब योजनाओं का सही उपयोग हो। पंचायत स्तर पर पारदर्शिता, सहभागिता और नियमित समीक्षा से ही ग्रामों को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।