Uncategorized

जिला मुख्यालय में रजत जयंती राज्योत्सव की भव्य तैयारी,कलेक्टरअबिनाश मिश्रा ने दिए सभी विभागों को निर्देश

विभिन्न विभाग विकास कार्यों की लगायेंगे प्रदर्शनी राज्य के 25 वर्षों की प्रगति जनता के सामने होगी

धमतरी-कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 2 से 4 नवंबर तक जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले रजत जयंती राज्योत्सव समारोह को भव्य एवं गरिमामय रूप से मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं ताकि आयोजन सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में सभी विभागों और कार्यालय प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में विधायक श्री अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।बैठक में कलेक्टर ने प्रत्येक विभाग को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा की और अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल में सभी विभाग अपने विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगाएं, जिससे राज्य के 25 वर्षों की प्रगति जनता के सामने प्रस्तुत की जा सके।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रदर्शनी स्थल की साज-सज्जा को आकर्षक और गरिमामय बनाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण और आयुष्मान कार्ड निर्माण की व्यवस्था की जाए।बैठक में राज्योत्सव के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) कराकर उत्कृष्ट प्रस्तुति सुनिश्चित की जाए।इसके साथ ही कलेक्टर श्री मिश्रा ने आगामी 15 नवंबर से आरंभ होने वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि खरीदी कार्य को सफलतापूर्वक और निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं।बैठक में पायलट प्रोजेक्ट ह्यगवर्नेंस ऑन व्हील्सह्ण के तहत ग्राम पंचायतों में भ्रमण और आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करें तथा इसका प्रचार-प्रसार पटवारियों और ग्राम पंचायत सचिवों के माध्यम से मुनादी कराकर किया जाए।बैठक में आयुष्मान कार्ड, शिक्षा अपार, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, पंचायत और राजस्व कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती रीता यादव, एसडीएम तथा जिले के समस्त विभाग प्रमुख एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!